शाहरुख की बर्थडे विश से जगमगाया बुर्ज खलीफा, दुनिया की सबसे ऊंची इमारत से दी गई जन्मदिन की बधाई

1658

बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) ने 2 नवंबर को अपना 55वां जन्मदिन(55th Birthday) सेलिब्रेट किया। शाहरुख खान ने अपना 55वें जन्मदिन का जश्न परिवार के साथ देश से दूर दुबई(Dubai) में मनाया। इस दौरान शाहरुख खान के जन्मदिन पर दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा (Burj Khalifa) को किंग ऑफ रोमांस(King Of Romance) के नाम से रोशन कर दिया गया। जी हां, बुर्ज खलीफा के जरिए शाहरुख खान को बर्थडे की शुभकामनाएं दी गईं।

ये शानदार नज़ारा देखने के लिए वहां शाहरुख खान खुद मौजूद थे। जिसे देख शाहरुख बेहद इमोशनल भी हो गए। अपने नाम से रोशन हुए बुर्ज खलीफा के साथ शाहरुख ने एक तस्वीर सोशल मीडिया पर भी शेयर की। बुर्ज खलीफा के सामने दोनों हाथ बांधे हुए पोज़ देते हुए शाहरुख ने लिखा “दुनिया की सबसे बड़ी और ऊंची स्क्रीन पर खुद को देखना अच्छा लगता है। मेरे दोस्त @mohamed_alabbar ने मेरी अगली फिल्म से पहले ही मुझे सबसे बड़े पर्दे पर लगा दिया है। धन्यवाद और प्यार आप सभी को @बुर्ज खलीफ़ा और @EmaarDubai । मेरे बच्चे बहुत प्रभावित हुए और मुझे तो प्यार हो गया है।”

आपको बता दें कि इस दौरान बुर्ज खलीफा पर शाहरुख खान का एक वीडियो भी प्ले किया गया जिसे उनकी फिल्मों के सभी रोमांटिक अंदाज़ों को मिलाकर बनाया गया था।

शाहरुख खान के जन्मदिन के मौके पर करण जौहर भी उनके साथ दुबई में ही मौजूद हैं। करण जौहर ने भी इस वीडियो को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। इस वीडियो में साफ दिख रहा है कि बुर्ज खलीफा पर अपना नाम देख शाहरुख कितने खुश हो रहे हैं। वह खुशी से झूमते दिख रहे हैं।

वैसे ये पहला मौका नहीं है, जब ‘बुर्ज खलीफा’ के ज़रिए शाहरुख खान को जन्मदिन की बधाई दी गई है। साल 2019 में भी शाहरुख का जन्मदिन दुबई में ऐसे ही धूमधाम से सेलीब्रेट किया गया था। जिसका एक वीडियो खुद शाहरुख ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर शेयर किया था।

इसी बीच, कोरोना काल के चलते देश में उनके फैंस के लिए चहीते बादशाह खान का जन्मदिन फीका ही रहा। हर साल की तरह इस साल शाहरुख खान के बंगले के बाहर उनके फैंस का मेला नहीं लग पाया। शाहरुख खान ने अपने तमाम फैंस से निवेदन किया था कि इस बार वह उनके घर के बाहर इकठ्ठा ना हो। शाहरुख ने कहा था “इस बार का प्यार थोड़ा दूर से यार।”

शाहरुख खान ने एक वीडियो शेयर करके सभी फैंस का उनके प्यार के लिए धन्यवाद भी कहा है। और जल्द मिलने का वादा भी दिया है।

दरअसल, हर साल ईद और अपने जन्मदिन के मौके पर शाहरुख खान फैंस से मिलने घर की बालकनी में जरुर आते थे। और हाथ हिलाकर फैंस को उनके प्यार के लिए धन्यवाद देते थे। इन खास मौकों पर शाहरुख खान के फैंस लाखों की तादाद में उनके घर के बाहर इक्ट्ठा हुआ करते थे। लेकिन कोरोना काल की वजह से वहां दिनभर सन्नाटा ही पसरा रहा। इक्का दुक्का फैंस शाहरुख खान के बंगले के बाहर से ही सेल्फी लेकर लौट गए।