हिमाचल प्रदेश में एक ही दिन आप और बीजेपी के बड़े कार्यक्रम, चुनाव के लिए तैयारियां तेज

161
aam aadmi party
aam aadmi party

इस साल के अंत यानी दिसंबर महीने में गुजरात और हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इन दोनों ही राज्यों में सियासी गहमागहमी शुरू हो चुकी है। दोनों ही जगहों पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ-साथ आम आदमी पार्टी (आप) ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में लंबा रोड शो कर अपनी पार्टी के अभियान का आगाज कर दिया।

वहीं, भाजपा ने पार्टी के स्थापना दिवस यानी 6 अप्रैल को हिमचाल प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में महा जनसंपर्क अभियान और पदयात्रा शुरू करके एक मेगा कार्यक्रम के रूप में मनाने का फैसला किया है। इस कार्यक्रम में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में लगभग 5,000 कार्यकर्ताओं के भाग लेने की उम्मीद है। दिलचस्प बात यह है कि बीजेपी का जिस दिन कार्यक्रम है ठीक उसी दिने मंडी में आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल का रोड शो भी है।

मेगा इवेंट से पहले वरिष्ठ नेताओं की बैठक
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप की उपस्थिति में प्रदेश भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों की वर्चुअल बैठक हुई। बैठक में पार्टी के स्थापना दिवस 6 अप्रैल को मेगा इवेंट के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया।

भाजपा के इवेंट में शामिल होंगे त्रिदेव
कश्यप ने कहा कि भाजपा का स्थापना दिवस विधानसभा क्षेत्र स्तर पर मनाया जाएगा और प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र में त्रिदेव यानी बूथ अध्यक्ष, बीएलए और बूथ पलक सहित 5,000 कार्यकर्ता कार्यक्रम में भाग लेंगे। उन्होंने कहा, “विधायक और जिलाध्यक्ष बूथ ‘त्रिदेव’ को भाजपा का झंडा, एक पटका और नेम प्लेट का किट वितरित करेंगे। हमारे प्रमुख नेता कार्यकर्ताओं के आवास पर जाएंगे और उनके सम्मान में पार्टी का झंडा और नेम प्लेट लगाएंगे।”

सौदान सिंह ने कहा कि राज्य भर के कार्यकर्ताओं को 50,000 से अधिक झंडे वितरित किए जाएंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 अप्रैल को सुबह 10 बजे भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। पार्टी कार्यकर्ता टीवी या एलईडी पर प्रधानमंत्री को देख सकते हैं।

केजरीवाल और भगवंत मान का रोड शो
वहीं, आम आदमी पार्टी 6 अप्रैल को ही विक्टोरिया ब्रिज से मंडी के पड्डल मैदान तक तिरंगा यात्रा करेगी। आप प्रवक्ता शेर सिंह ठाकुर ने कहा, ‘हमारी पार्टी मंडी में तिरंगा यात्रा करेगी। 6 अप्रैल को आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान यात्रा में शामिल होंगे।”

पंजाब के बाद AAP उत्साहित
उन्होंने कहा कि 20 दिनों के भीतर हिमाचल में ढाई लाख से अधिक लोगों ने आप की सदस्यता ले ली है। इसने संकेत दिया कि लोग कांग्रेस और भाजपा दोनों के कामकाज से नाराज हैं। उन्होंने कहा, “दिल्ली के बाद, मतदाताओं ने पंजाब विधानसभा चुनाव में दोनों पार्टियों को छोड़ दिया था। अब लहर हिमाचल में झाडू लगाने के लिए तैयार है।’