IPL 2022: बैंगलोर ने जीता रोमांचक मैच, मुंबई इंडियंस की लगातार चौथी हार

540
RCB won against Mumbai Indians
RCB won against Mumbai Indians

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने आईपीएल 2022 के 18वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से धूल चटाई। इस जीत से आरसीबी ने प्वाइंट्स टेबल में लंबी छलांग लगाई है और वह कोलकाता नाइट राइडर्स और गुजरात टाइटंस के बाद तीसरे पायदान पर पहुंच गई है। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी के सामने सूर्यकुमार यादव के नाबाद 68 रनों के दम पर 152 रनों का लक्ष्य रखा था। आरसीबी ने अनुज रावत के 66 और विराट कोहली के 48 रनों के दम पर इस स्कोर को 9 गेंदें शेष रहते हासिल कर लिया।

मुंबई द्वारा मिले इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत ठोस रही थी। कप्तान फाफ डु प्लेसिस (16) और अनुज रावत के बीच पहले विकेट के लिए 50 रनों की साझेदारी हुई थी। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए विराट कोहली ने 36 गेंदों पर 48 रनों की पारी खेली अनुज रावत के साथ दूसरे विकेट के लिए 80 रन जोड़े। 17वें ओवर की 5वीं गेंद पर अनुज रावद को रमनदीप सिंह ने रन आउट कर पवेलियन का रास्ता दिखाया। वहीं विराट कोहली 19वें ओवर की पहली गेंद पर ब्रेविस का पहला शिकार बने।

कोहली को LBW आउट देने का फैसला विवादास्पद था क्योंकि कोहली का मानना था कि गेंद उनके बैट पर लगी है मगर थर्ड अंपायर ने पाया कि गेंद बैट और पैड पर एक साथ लगी है जिस वजह से उन्होंने मैदानी अंपायर के फैसले के साथ जाने का मन बनाया। कोहली के आउट होने के बाद मैक्सवेल ने दो गेंदों पर लगातार दो चौके लगाकार टीम को जीत दिलाई। मैक्सवेल 8 और दिनेश कार्तिक 7 रन बनाकर नाबाद रहे।

बात मुंबई की पारी की करें तो रोहित शर्मा और ईशान किशन ने 26-26 रन बनाकर तेज तर्रार शुरुआत दी थी। मुंबई को पहला झटका रोहित शर्मा के रूप में 50 के स्कोर पर लगा। मगर अगले 12 रनों के अंदर मुंबई ने 4 और विकेट खो दिए। 50 पर पहला विकेट गिरने के बाद मुंबई का स्कोर 6 विकेट के नुकसान पर 62 रन हो गया था। मुंबई को 6ठां झटका रमनदीप सिंह के रूप में लगा। तब ऐसा लग रहा था कि मुंबई 120 रन पर ही सिमट जाएगी, मगर सूर्यकुमार यादव को कुछ और ही मंजूर था। इस खिलाड़ी ने 68 रन की पारी खेलकर टीम को 151 के स्कोर तक पहुंचाया। सूर्यकुमार यादव ने अपनी इस पारी में 5 चौके और 6 गगनचुंबी छक्के लगाए। आरसीबी के लिए हर्षल पटेल और वानिंदु हसरंगा ने 2-2 विकेट लिए।