आजादी का अमृत महोत्सव: साबरमती आश्रम में PM मोदी ने बापू को दी श्रद्धांजलि, अमृत महोत्सव की शुरुआत, दांडी मार्च को दिखाएंगे हरी झंडी

464

साल 2022 में देश की आजादी के 75 साल पूरे हो जाएंगे। साथ ही राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नमक सत्याग्रह के 91 वर्ष भी पूरे हो गए हैं। ऐसे में केंद्र सरकार ने 12 मार्च, 2021 से 15 अगस्त, 2022 तक देश के 75 स्थानों पर ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ मनाने की घोषणा की है। इसी कड़ी में कुछ ही देर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के अहमदाबाद में स्थित साबरमती आश्रम से इस महोत्सव का आगाज करने जा रहे हैं। वहीं साबरमती आश्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने पहले बापू को श्रद्धांजलि दी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साबरमती आश्रम में विजिटर बुक में संदेश लिखा। उन्होंने लिखा कि साबरमती आश्रम में आकर त्याग और तप की भावना बढ़ जाती है। प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा कि गांधीजी ने ही आत्मनिर्भरता का संदेश दिया था। पीएम ने लिखा कि पुण्यस्थली पर आकर धन्य महसूस कर रहा हूं। उन्होंने लिखा कि आश्रम आकर राष्ट्र निर्माण का संकल्प मजबूत होता है। उन्होंने आगे लिखा कि बापू के आशीर्वाद से ही अमृत महोत्सव के उद्देश्य पूरे होंगे। 

अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अभय घाट के पास एक डिजिटल प्रदर्शिनी का भी जायजा लिया। इस प्रदर्शिनी में प्रधानमंत्री मोदी ने फोटो, मैगजीन और दूसरी महत्वपूर्ण भंडार की गई चीजों को देखा और उनका आनंद लिया।