एंजेलिना जोली ने ब्रैड पिट पर लगाए घरेलू हिंसा के आरोप, कोर्ट से कहा- ‘मेरे पास सबूत मौजूद हैं, वो मारपीट करते थे’

258

हॉलीवुड के मशहूर सितारे एंजेलिना जोली और ब्रैड पिट कभी सबसे हॉट कपल में से एक माने जाते थे। हालांकि दोनों ने सालों पहले तलाक ले लिया था। साल 2016 से एंजेलिना और ब्रैड अलग रह रहे हैं, लेकिन बच्चों की कस्टडी को लेकर ये मामला अभी तक फंसा हुआ है। वहीं एंजेलिना जोली का कहना है कि ब्रैड पिट अच्छे इंसान नहीं है। एंजेलिना ने कहा कि उनके पास ब्रैड पिट के खिलाफ घरेलू हिंसा के पुख्ता सबूत हैं।

खबरों की माने तो ब्रैड पिट का व्यवहार उनके बच्चों के प्रति अच्छा नहीं है इसलिए एंजेलिना चाहती हैं कि बच्चों की कस्टडी उन्हें मिले। ऐसे में एंजेलिना कोर्ट में केस लड़ रही हैं। हॉलीवुड में एक वक्त ऐसा था जब एंजेलिना और ब्रैड पिट के प्यार की लोग मिसाल देते थे। दोनों की ऑनस्क्रीन और ऑफस्क्रीन केमेस्ट्री दर्शकों को खूब पसंद आती थी।

एंजेलिना और ब्रैड के प्यार को देखते हुए उन्हें नाम दिया गया था ‘ब्रैंजलीना’। दोनों ने 9 साल तक एक दूसरे को डेट करने के बाद साल 2014 में शादी की थी। हालांकि शादी के बाद इनके रिश्ते में दूरियां आनी शुरू हो गई थीं। अपने रिश्ते के दौरान ये 6 बच्चों के माता पिता बने थे। अब उन्हीं बच्चों की कस्टडी के लिए एंजेलिना और ब्रैड कोर्ट में केस लड़ रहे हैं।

खबरों की मानें तो एंजेलिना ने ब्रैड से अलग होने की वजह उनका दिलफेंक आशिक होना बताया था। साथ ही उनका कहना था कि वो बच्चों के अच्छे पिता नहीं बन पाए और हमेशा उनके साथ गलत व्यवहार किया। बता दें कि जोली और पिट के 6 बच्चे हैं जिनमें 3 को एंजेलिना ने जन्म दिया है वहीं 3 बच्चों को दोनों ने गोद लिया था।

वहीं अब एंजेलिना का कहना है कि ब्रैड पिट उनके साथ घरेलू हिंसा करते थे और उनके पास इसके पुख्ता सबूत हैं। बता दें कि ब्रैड पिट ने साल 2000 में जेनिफर एनिस्टन से शादी की थी। इसके बाद साल 2005 में दोनों अलग हो गए थे। इसके बाद उनकी जिंदगी में एंजेलिना आ गईं थीं। हालांकि उनकी ये शादी भी सफल नहीं हो पाई।