देश में एक्टिव केस 5 लाख से कम, अब तक 80 लाख लोगों ने दी कोरोना को मात

267

देश में कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। भारत में अब तक 80 लाख से अधिक लोगों ने कोरोना को मात दी है। इसके साथ ही देश में कोरोना के सक्रिय मामले 5 लाख से कम रह गए हैं। जिससे भारत में कोरोना के हालात में सुधार होता दिख रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, देश में बीते 24 घंटों में कोरोना के 44,281 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान भारत में कोरोना से 512 लोगों की मौत हुई है।

कोरोना महामारी को मात देने वाले मरीजों का आंकड़ा 80 लाख को पार कर गया। हालांकि, संक्रमितों की संख्या भी 86 लाख से अधिक हो गई है और अब तक 1.27 लाख से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक मरीजों के उबरने की दर बढ़कर 92.79 फीसद और मृत्युदर गिरकर 1.48 फीसद पर आ गई है।

अब तक मिले आंकड़ों के मुताबिक देश में सबसे अधिक नए केस दिल्ली में दर्ज किए गए हैं। दिल्ली में रिकॉर्ड 7,830 नए केस मिले हैं। एक दिन में राष्ट्रीय राजधानी में अब तक मिले मरीजों की यह सबसे बड़ी संख्या है। इससे पहले रविवार को सबसे अधिक 7,745 नए मामले मिले थे। दिल्ली में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 4.51 लाख पहुंच गया है। 83 लोगों की जान भी गई है। मृतकों की संख्या 7,143 हो गई है।