Weather Updates: एक बार फिर करवट लेगा मौसम, मध्य प्रदेश, ओडिशा, महाराष्ट्र और तमिलनाडु में बारिश का अलर्ट; दिल्ली-यूपी में कोहरा

    516
    WEATHER UPDATE

    आज 11 फरवरी हो गई है, लेकिन मौसम लगातार बदल रहा है। लोगों को जहां सुबह सिर्फ सुबह-शाम की ठंड का एहसास हो रहा है वहीं उत्तरी हिमालयी क्षेत्रों में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के चलते जम्‍मू कश्‍मीर से लेकर हिमाचल प्रदेश और उत्‍तराखंड के कई इलाकों में बर्फबारी और बारिश होने के आसार बने हुए हैं।अनुमान जताया गया है कि 15 फरवरी के बाद मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, महाराष्ट्र, तेंलगाना और तमिलनाडु में बेमौसम बारिश हो सकती है। इन सभी राज्यों में 16 से 20 फरवरी के बीच गरज के साथ बारिश होने की की आशंका जताई जा रही है।

    वहीं देश के कई इलाकों में सुबह-शाम कोहरा दर्ज किया जा रहा है और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी जारी है। दिल्ली, पंजाब, यूपी, राजस्थान हरियाणा के कई इलाकों में आज भी घना कोहरा दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने अपने ताजा बुलेटिन में यह जानकारी दी है।

    उत्तराखंड में भी मौसम लगातार बदल रहा है। यहां पर स्थित कुमाऊं में मौसम ने करवट बदली और दोपहर बाद पिथौरागढ़ के पहाड़ी इलाकों में हल्का हिमपात शुरू हो गया। जबकि गढ़वाल में आसमान साफ रहा और चटख धूप खिली रही। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिन प्रदेश में मौसम सामान्य रहने के आसार हैं।।

    उधर, झारखंड के जमशेदपुर में न्यूनतम तापमान में अब लगातार बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। यानी अब गर्मी की शुरुआत हो जाएगी। दिन में तेज धूप अपना असर दिखाने लगा है। हालांकि अभी सुबह-शाम ठंड बरकरार रहेगी।

    वहीं बिहार के भागलपुर में भी मौसम बदल रहा है। यहां पर बंगाल की खाड़ी में हवा का निम्‍न दाब बनने के कारण आसमान में 12 फरवरी तक आंशिक बादल छाए रहेंगे। इस दौरान तापमान में उतार चढ़ाव भी संभव है। हालांकि. इसके बाद 13 फरवरी से मौसम साफ हो जाएगा।