उत्तर भारत के तापमान में गिरावट, जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी

    554
    weather-update-today
    weather update daily

    हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के बाद उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में पारा लुढ़क गया है। पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानी इलाकों में शीतलहर का सिलसिला शुरू हो गया है। वहीं, कोहरे के कारण गुरुवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश में जनजीवन प्रभावित रहा। भारत के दक्षिणी हिस्सों तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है।

    राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि यह शनिवार तक एक पायदान और नीचे आकर 9 डिग्री हो सकता है। इसका कारण पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद चलने वाली ठंडी हवाएं हैं। आइएमडी के अधिकारियों के अनुसार, इस महीने 16 नवंबर को दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री तक कम रहा।

    मौसम विशेषज्ञों और सरकारी एजेंसियों ने कहा कि अगले तीन से चार दिनों के दौरान मौसम में कोई महत्वपूर्ण बदलाव होने की संभावना नहीं है। मौसम की पहली बर्फबारी के दो दिन बाद हिमाचल प्रदेश में ठंड चरम पर पहुंच गई है। लाहौल और स्पीति के कीलोंग में सबसे कम माइनस 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। किन्नौर के कल्पा में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। कुफरी में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस, डलहौजी में 4.8 डिग्री सेल्सियस, मनाली में 5 डिग्री सेल्सियस और शिमला का तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

    राजस्थान के कई हिस्सों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। माउंट आबू में सबसे कम 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चूरू में रात के तापमान में 8.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जो पिछली रात से पांच डिग्री कम थी। मौसम विभाग के अनुसार, गंगानगर में पारा 8.8 डिग्री सेल्सियस, पिलानी में 9.1 डिग्री सेल्सियस, सीकर में 10.5 डिग्री सेल्सियस, जैसलमेर में 11.8 डिग्री सेल्सियस, बाड़मेर में 13.4 डिग्री सेल्सियस और अलवर में 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भीलवाड़ा का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस, डबोक का 14.8 डिग्री सेल्सियस, जयपुर का 16.2 डिग्री सेल्सियस और कोटा का 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

    मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान राज्य में तापमान में और गिरावट आएगी। हिमाचल प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर घने कोहरे क परत लोगों के जीवन को प्रभावित कर रही है। मौसम विभाग ने गुरुवार को केंद्र शासित प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और बर्फबारी की भविष्यवाणी की है। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 6 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री नीचे था। जबकि जम्मू और श्रीनगर में न्यूनतम तापमान क्रमशः 9.5 डिग्री सेल्सियस और 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।