Weather Update: दिल्ली में बारिश से राहत, पर अभी और सताएगी गर्मी, बिहार-UP में बरसेंगे बादल

    245
    weather-update-today

    गर्म हवाओं से भट्ठी बने उत्तर भारत के कई जिलों को शाम होते थोड़ी राहत मिली। हल्की फुहारों ने जहां तपीश से तड़प रहे लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाई। वहीं, कई जिलों में लू का प्रकोप जारी रहा। बिहार में एक ही दिन में दो तरह के मौसम दिखे। एक ओर जहां उत्तर भारत में बारिश होती रही तो दक्षिण भारत में गर्मी का तांडव दिखा। शुक्रवार को दिन में दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पारा 40 से 45 डिग्री तक पहुंच गया था। गर्मी का आलम यह है कि कूलर और ऐसी तक फेल हो गए हैं। आम तौर पर इस समय तक इन इलाकों में मानसून की बारिश हुआ करती थी। वहीं, मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अभी कुछ दिन और गर्मी सताएगी।

    दिल्ली में कुछ समय के लिए राहत
    दिल्ली में शुक्रवार को लगातार चौथे दिन लू ने लोगों के पसीने छुड़ा दिये मगर शाम को अचानक मौसम में बदलाव हुआ और कुछ देर हुई बारिश तथा ठंडी हवाओं से भीषण गर्मी का सामना कर रहे लोगों के चेहरे खिलखिला उठे। हालांकि, गर्मी अभी और परेशान करेगी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि शनिवार को आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश का अनुमान है। उसने कहा कि अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। हालांकि यह राहत कुछ समय के लिए हो सकती है। रविवार से अगले सप्ताह बुधवार तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है और उमस लोगों की परेशानी बढायेगी।

    उत्तर बिहार वाले जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
    बिहार में पिछले 24 घंटों में सूबे के दो भागों में मौसम दो तरह का बना रहा। उत्तर बिहार के जिलों में लगभग सभी जगहों पर मध्यम और कुछ जगहों पर भारी बारिश हुई। वहीं गया, नवादा समेत राज्य के दक्षिण भाग में उसम की स्थिति रही। उत्तर बिहार व इसके आसपास के कुल 22 जिलों में शनिवार को मध्यम बारिश की स्थिति बनी रहेगी। मौसमविदों के मुताबिक इन इलाकों में बारिश अभी जारी रहेगी। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार मानसून की रेखा पश्चिम उत्तर-प्रदेश से बिहार होकर असम तक जा रही है। उपग्रह से प्राप्त तस्वीरों में यह दिख रहा है कि सूबे के उत्तर पश्चिम भाग में संवहनीय बादल बने हुए हैं। ये बादल कहीं-कहीं भारी वर्षा के कारक होते हैं। इस वजह से शनिवार को भी उत्तर बिहार और हिमालय की तलहटी से सटे जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो रही है और आगे भी इसकी संभावना जताई गई है। कुछ जगहों पर अतिभारी बारिश की स्थिति बन सकती है। वज्रपात की स्थिति को देखते हुए लोगों को सचेत रहने की चेतावनी जारी की गई है।

    कहां कैसा रहेगा मौसम
    पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आगरा, मथुरा, अलीगढ़ आदि जिलों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। यहां अधिकतम तापमान 40 के पार पहुंच गया। पंजाब के कई इलाकों में पारा 45 के करीब पहुंच गया। राजस्थान के 17 जिले लू की चपेट में है। जहां तापमान 40 के पार है। चुरू में पारा 45 डिग्री के करीब पहुंच गया है। मौसम विभाग का कहना है कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान, उत्तर प्रदेश और नॉर्थ वेस्ट एमपी में अगले दो दिनों में गर्म हवाएं यानी लू के चलने के आसार हैं। उत्तर पश्चिम मध्य प्रदेश में अगले 48 घंटे तक लू चलने की संभावना है।

    यूपी के मौसम का हाल
    उत्तर प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में भले ही हल्की बारिश से फौरी राहत मिली हो, मगर अभी गर्मी और सताएगी। बीते 24 घटों में प्रदेश में सबसे अधिक 42 डिग्री सेल्सियस तापमान आगरा में दर्ज किया गया। मुरादाबाद, लखनऊ, बरेली, मेरठ, अयोध्या, कानपुर मण्डलों में भी दिन का तापमान सामान्य से अधिक रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चौबीस घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश हो सकती है। वहीं, उत्तर प्रदेश के पूर्वी जिलों में बारिश का मौसम बना हुआ है और यहां भी बारिश हो सकती है।

    जस्थान के पश्चिमी इलाकों में लू का प्रकोप जारी :
    राजस्थान में मानसून की अनुकूल परिस्थितयां नहीं होने के कारण दक्षिण पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने की गति धीमी होने की संभावना के साथ राज्य के अधिकतर इलाकों में गर्मी का प्रकोप शुक्रवार को भी जारी रहा। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे के दौरान अलवर, धौलपुर, भरतपुर, झुंझुनूं, चूरू, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों में लू चलने की संभावना जताई है।

    क्यों बढ़ रहा उत्तर भारत का तापामान
    विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश लाने वाले मौसमी तंत्र का अभाव और पाकिस्तान से आने वाली गर्म हवा उत्तर भारत के कई हिमालयी और पहाड़ी क्षेत्रों में गुरुवार को असामान्य रूप से ज्यादा तापमान का कारण हो सकती है। देश के सबसे ठंडे स्थानों में से एक लद्दाख के द्रास में तापमान जहां शून्य से 20 डिग्री सेल्सियस नीचे तक चला जाता है वहां तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा बृहस्पतिवार को जारी बुलेटिन के मुताबिक उत्तर भारत के कई इलाके लू और भीषण लू जैसे स्थितियों का सामना कर रहे हैं।

    केरल के 14 में से 13 जिलों में जून में हुई कम बरसात
    दक्षिण पश्चिमी मॉनसून के आगमन के लगभग एक महीने बाद भी केरल में अब तक बेहद कम बारिश हुई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से यह जानकारी दी गई। गौरतलब है कि देश में मॉनसून केरल के रास्ते ही प्रवेश करता है। विभाग ने कहा कि एक जून से 30 जून के बीच, राज्य के 14 में से 13 जिलों में कम वर्षा हुई है और केवल एक जिले में सामान्य बरसात हुई है। इस दौरान पड़ोसी केंद्र शासित क्षेत्र लक्षद्वीप और माहे में भी कम बारिश हुई। मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि देश में जुलाई में मॉनसून सामान्य रहने का अनुमान है।