Weather Update: पहाड़ों में हो रही बर्फबारी से मैदानी इलाकों का पारा गिर रहा, शीत लहर और ठिठुरन वाली ठंड शुरू

    330
    Weather Update Today

    पहाड़ों में हो रही बर्फबारी से मैदानी इलाकों का पारा भी गिर रहा है। राजधानी दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश समेत कई मैदानी इलाकों में शीत लहर और ठिठुरन वाली ठंड ने दस्तक दे दी है। कई मैदानी राज्यों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया है। वहीं, जम्मू कश्मीर और उत्तराखंड में बर्फबारी का दौर जारी है, जिसके चलते यातायात भी प्रभावित हो रहा है, कई नेशनल हाईवे बंद कर दिए गए हैं। इसके अलावा मैदानी इलाकों में बारिश के कारण शीत लहर और ठिठुरन वाली ठंड शुरू हो गई है, जिसके साथ लोगों की परेशानियां भी बढ़ गई हैं।

    भारतीय मौसम विभाग (India Meteorological Department) के अनुसार, दिल्ली के तापमान में लगातार कमी दर्ज की जा रही है। हालांकि पिछले दो दिनों के मुकाबले मंगलवार को लोगों को तापमान में थोड़ी सी राहत मिली है। कल राजधानी में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सल्सियस और अधिकतम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि आज धुंध और नमी के साथ दिन की शुरूआत हुई और दिन में लोगों को धूप नहीं मिलने की आशंका है। दोपहर में बादल छाए रहने की संभावना है।

    पूर्वांचल में पछुआ हवाओं के साथ ठंड और गलन भी बढ़ रही है। सोमवार को यहां सुबह-शाम के साथ ही रात को भी पारा गिर रहा है। मौसम विज्ञानियों ने बताया है कि पहाड़ों में हो रही बर्फबारी का असर पूर्वांचल तक आने के कारण गलन वातावरण में बढ़ गई है। सोमवार को पहली बार उत्तर प्रदेश में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया। कानपुर में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 8.8 जबकि अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसके अलावा मेरठ में भी मंगलवार को सर्द हवाओं के साथ ठंड की शुरूआत हुई।