UP Election 2022: सपा को लग सकता है बड़ा झटका, मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव BJP में हो सकती हैं शामिल

332
Aparna Yadav to join BJP

चुनाव से उत्तर प्रदेश में नेताओं के भगदड़ का दौर जारी है। एक तरफ भाजपा के नेता बड़ी संख्या में पार्टी छोड़ कर भाग रहे हैं। इसी बीच सपा परिवार की बहू अपर्णा यादव (Aparna Yadav) की बीजेपी में शामिल होने का खबर ने राजनीति में हलचल मचा दी है। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) के समधी हरिओम यादव के भाजपा का दामन थामने के बाद अब उनकी छोटी बहू अपर्णा यादव (Aparna Yadav) के भी भाजपा में शामिल होने की चर्चा तेज हो गई है। यह भी अटकलें लगाई जा रही हैं कि अपर्णा लखनऊ की कैंट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी हो सकती हैं। इसे लेकर इंटरनेट मीडिया पर खूब संदेश वायरल हो रहे हैं। अपर्णा, मुलायम के छोटे बेटे प्रतीक यादव की पत्नी हैं।

भाजपा के तीन मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य, दारा सिंह चौहान व धर्म सि‍ंह सैनी के पार्टी छोड़कर सपा में शामिल होने के बाद दलबदल को लेकर राजनीतिक दलों के बीच खींचतान जारी है। हालांकि, भाजपा या फिर अपर्णा यादव की ओर से अभी इन चर्चाओं को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। अपर्णा यादव वर्ष 2017 के विधान सभा चुनाव में लखनऊ के कैंट क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ी थीं, लेकिन उन्हें भाजपा प्रत्याशी रीता बहुगुणा जोशी से हार का सामना करना पड़ा था।