यूपी : किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष का राकेश टिकैत पर हमला, बोले- नकली आंदोलनकारियों को करेंगे बेनकाब

290

बीजेपी ने 2022 के चुनाव से पहले पिछले दिनों जिस तरीके से संगठन में बड़े बदलाव किये है  उसके बाद तो ये साफ हो गया है कि पार्टी सिर्फ चुनावी मोड में ही नहीं आयी बल्कि अब अलग-अलग मोर्चो के जरिये चुनाव से जुड़े बड़े मुद्दों पर कैसे रणनीति तय करनी है और कैसे उसके असर को बेअसर करना भी है. पिछले दिनों ही घोषणा के बाद भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह ने मंगलवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय में पदभार ग्रहण किया। किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष का पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। अयोध्या में रामलला के दर्शन करने के बाद कामेश्वर सिंह पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर पहुंचे। जिसके पहले कार्यकर्ताओं ने कई जगह पर रूक रूक कर कामेश्वर सिंह का भव्य स्वागत किया।

पार्टी मुख्यालय पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज सिंह, संतोष सिंह तथा प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ल, प्रदेश मंत्री डॉ चन्द्रमोहन, किसान मोर्चा राष्ट्रीय मंत्री रामनरेश तिवारी उपस्थित रहे. कामेश्वर सिंह ने किसान मोर्चा अध्यक्ष पद का दायित्व देने के लिए केन्द्रीय नेतृत्व व प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त किया.

इस बीच किसान मोर्चा के निवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह के निशाने पर राकेश टिकैत और किसान आंदोलन भी रहा. कामेश्वर सिंह ने कहा कि अब किसान मोर्चा 11 सदस्यीय टीम बनाकर किसानों से संवाद कर नकली आंदोलनकारियों को बेनकाब करेगा. ये 11 सदस्यीय टीम चुनाव से पहले ग्रामीण क्षेत्रों में किसान सम्मान, किसान संवाद और किसान संबंध जैसे कार्यक्रमों के जरिये किसानों को कृषि बिल संबंधित फायदें बतायेंगे और नकली किसानों की तरफ से फैलाये गये झूठ को बेनकाब करेगी.

कामेश्वर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की केन्द्र सरकार व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की प्रदेश भाजपा सरकार में एमएसपी में वृद्धि, ऋणमाफी, किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से किसान आर्थिक समृद्धि हुए. 3 लाख 58 हजार करोड़ रूपये का फसल ऋण वितरित किया गया. उत्तर प्रदेश किसान सम्मान समृद्धि आयोग का गठन किया गया. द मिलियन फार्मर्स स्कूल में 55 लाख से अधिक किसानों को प्रशिक्षण दिया गया. प्रदेश में 220 नये मण्डी स्थल निर्मित किये गये. 27 मण्डियों का आधुनिकीकरण किया गया. गन्ना मूल्य का रिकार्ड भुगतान हुआ. आगामी विधानसभा चुनाव में लक्ष्य 350 की प्राप्ति के लिए किसान मोर्चा प्रत्येक बूथ पर परिश्रम करेगा.