Tokyo Olympics 2020 Day 15 : अपने अंतिम पड़ाव पर है खेलों का महाकुंभ, समापन समारोह में भारत की तरफ से ये मेडलिस्ट होगा ध्वजवाहक

523

टोक्यो ओलिंपिक-2020 अपने अंतिम पड़ाव पर है. आज यानी रविवार को इन खेलों का आखिरी दिन है. आज सभी देश ओलिंपिक विलेज से विदा लेंगे और फिर 2024 में पेरिस में होने वाले ओलिंपिक में मिलेंगे. भारत के लिहाज से यह ओलिंपिक ऐतिहासिक रहे क्योंकि इन खेलों में भारत ने ओलिंपिक में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया. भारत ने सात पदक अपनी झोली में डाले. भारत ने जापान का राजधानी में हॉकी में ओलिंपिक पदक के चार दशक के सूखे को खत्म किया और उसके बाद भालाफेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने एथलेटिक्स में देश को पहला स्वर्ण पदक दिलाया. कुछ भारतीय खिलाड़ी पदक के पास आकर महरूम रह गए जिसमें महिला गोल्फर अदिति अशोक का नाम भी शामिल है. आज इन खेलों का समापन समारोह है. भारत को कांस्य पदक दिलाने वाले पुरुष पहलवान बजरंग पूनिया समापन समारोह में ध्वजवाहक होंगे.

LIVE NEWS & UPDATES

08 AUG 2021 01:39 PM (IST)
जन्मदिन मुबारक मीरा बाई चानू
टोक्यो ओलिंपिक-2020 में भारत को पहला पदक दिलाने वाली महिला वेटलिफ्टर मीराबाई चानू का आज जन्म दिन है. पूरा देश आज उन्हें बधाई दे रहा है. मीराबाई ओलिंपिक पदक जीतने वाली भारत की दूसरी वेटलिफ्टर हैं. उनसे पहले सिडनी ओलिंपिक-2000 में कर्णम मल्लेश्वरी ने भारत को इस खेल में पदक दिलाया.

08 AUG 2021 01:30 PM (IST)
अगर नीरज का गोल्डन थ्रो मिस हो गया तो देखिए यहां
नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलिंपिक-2020 में स्वर्ण पदक जीता. उन्होंने दूसरे प्रयास में 87.58 मीटर का थ्रो फेंका. अगर आप वो थ्रो नहीं देख पाएं हो तो यहां देख लीजिए. सुकून मिलेगा. खुशी भी.

08 AUG 2021 01:17 PM (IST)
भारतीय महिला हॉकी टीम के कोच का भावुक मैसेज
भारतीय महिला हॉकी टीम को टोक्यो ओलिंपिक-2020 के सेमीफाइनल में पहुंचा इतिहास रचने वाले कोच श्योर्ड मरिन्ये ने टीम के लिए एक भावुक ट्वीट किया है. मरिन्ये ने ओलिंपिक में टीम का सफर खत्म होने के बाद कहा था कि यह उनका आखिरी असाइनमेंट है.

08 AUG 2021 01:01 PM (IST)
वॉलीबुल में ब्राजील ने जीता स्वर्ण पदक
ब्राजील ने की महिला वॉलीबॉल टीम ने टोक्यो ओलिंपिक-2020 में स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है. फाइनल में ब्राजील ने अमेरिका को 3-0 से मात दी. वहीं कांस्य पदक के मैच में सर्बिया की महिला टीम ने कोरिया को 3-0 से हरा जीत हासिल की.

08 AUG 2021 12:47 PM (IST)
साइकिलिंग में कैनी ने फिर दिखाया जलवा
ग्रेट ब्रिटेन के जेसन कैनी ने साइकिलिंग में पुरुषों की केइरिन स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया है. ये कैनी के करियर का सातवां गोल्ड मेडल है. मलेशिया के मोहम्मद अजीजुलहस्नी रजत और नेदरलैंड्स के हैरी लावरेयसेन ने कांस्य पदक जीता है.

08 AUG 2021 12:42 PM (IST)
गोल्ड जीतने के बाद नीरज ने अपने करियर के बारे में कही ये बात
नीरज चोपड़ा ने ओलिंपिक में गोल्ड मेडल जीतने के बाद बताया है कि उन्होंने शुरुआत में देश के लिए खेलने का सपना नहीं देखा था और न ही पदक जीतने का. खेल में आने को बताया महज इत्तेफाक.

08 AUG 2021 12:21 PM (IST)
केल्सी मिशेल ने कनाडा को दिलाया साइकिलिंग में गोल्ड
कनाडा की केल्सी मिशेल ने वेलोड्रोम में यूक्रेन की ओलेना स्टारिकोवा को पछाड़ते हुए टोक्यो ओलिंपिक खेलों की ट्रैक साइकिलिंग में महिलाओं की स्प्रिंट स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया है. मिशेल 2004 के बाद इस स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली कनाडा की पहली खिलाड़ी हैं. वहीं हान्ग कान्ग की सेज ने जर्मनी की हिंज को हराकर कांस्य पदक जीता

08 AUG 2021 12:13 PM (IST)
अमेरिका महिला बास्केटबॉल टीम का कमाल
अमेरिका की महिला बास्केटबॉल टीम ने टोक्यो ओलिंपिक-2020 के फाइनल में जापान को 90-75 से हराकर लगातार स्वर्ण पदक अपने नाम किया है. यह इस टीम का लगातार सातवां और कुल नौवां स्वर्ण पदक है.

08 AUG 2021 12:03 PM (IST)
पुरुषों की मैराथन में किपचोगे ने बाजी मारी
पुरुषों की मैराथन खत्म हो चुकी है और केन्या के दिग्गज धावक इलयुड किपचोगे ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया है. नेदरलैंड्स के अब्दी नागीये के हिस्से रजत तो बेल्जियम के बाशिर अब्दी के हिस्से कांस्य आया है. किपचोगे ने दो घंटे आठ मिनट 38 सेकेंड में रेस पूरी की. अब्दी ने दो घंटे नौ मिनट 58 सेकेंड का समय तय किया. बशीर ने मैराथन पूरी करने के लिए दो घंटे 10 मिनट का समय लिया.

08 AUG 2021 11:43 AM (IST)
भारत के पदकवीर
भारत ने टोक्यो ओलिंपिक-2020 में सात पदक अपने नाम किए. ये हैं भारत के लिए ओलिंपिक पदक जीतने वाले खिलाड़ी.

  1. नीरज चोपड़ा (भालाफेंक) – स्वर्ण पदक
  2. मीराबाई चानू (वेटलिफ्टिंग) – रजत पदक
  3. रवि दहिया (कुश्ती )- रजत पदक
  4. पीवी सिंधु (बैडमिंटन) – कांस्य पदक
  5. लवलीना बोरगोहेन (मुक्केबाजी)- कांस्य पदक
  6. बजरंग पूनिया (कुश्ती) – कांस्य पदक
  7. हॉकी टीम (पुरुष) – कांस्य पदक

08 AUG 2021 11:37 AM (IST)
चांदी से शुरू हुआ सफर सोने पर खत्म हुआ
भारत ने टोक्यो ओलिंपिक-2020 का आगाज शानदार तरीके से किया था और पहले ही दिन महिला वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने देश की झोली में रजत पदक डाला था. भारत की शुरुआत जितनी शानदार हुई थी उससे भी शानदार उसके अभियान का अंत हुआ. नीरज ने भारत के आखिरी इवेंट में स्वर्ण पदक जीता.

इतिहास रचने वाले दो खिलाड़ी
नीरज चोपड़ा ने जैसे ही स्वर्ण पदक जीता उनको बधाई देने वालों की लाइन लग गई. इसमें हॉकी टीम के गोलकीपर पीआर. श्रीजेश भी शामिल रहे जो टोक्यो में ओलिंपिक विलेज में ही मौजूद हैं. यह दोनों इतिहास रचने वाले खिलाड़ी हैं. भारत ने हॉकी में चार दशक के अपने सूखे को खत्म किया है और इसमें गोलकीपर श्रीजेश का बड़ा और अहम योगदान रहा है. वहीं नीरज ने एथलेटिक्स में भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाया है.