ताइवान ने पासपोर्ट कवर से हटाया ‘रिपब्लिक ऑफ चाइना’ नाम , जारी किया पासपोर्ट का नया डिजाइन

269

ताइवान ने बुधवार को एक नया पासपोर्ट जारी किया और इसमें से ‘रिपब्लिक ऑफ चाइना’ शब्दों को हटा दिया। इसके अलावा पासपोर्ट पर लिखे ‘ताइवान’ शब्द के फॉन्ट साइज को बढ़ा दिया है। ताइवान के इस कदम से चीन के साथ उसके रिश्ते बिगड़ सकते हैं।

सरकार ने कहा कि पुराने पासपोर्ट के चलते ताइवान के यात्रियों को चीन का नागरिक समझकर महामारी से संबंधित यात्रा प्रतिबंध लगाए जा रहे थे। कई देशों में पुराने पासपोर्ट को लेकर भ्रम था, क्योंकि उस पर चीन लिखा हुआ था। चीन ताइवान को अपना हिस्सा मानता है। दरअसल, माओत्से तुंग की कम्युनिस्ट ताकतों से युद्ध हारने के बाद 1949 में ताइवान की स्थापना चीनी गणराज्य के रूप में की गई थी। इसके बाद कम्युनिस्ट चीन को ‘पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना’ नाम दिया गया था।

डेंग शियाओपिंग द्वारा 70 के दशक में देश के शासन की बागडोर संभालने के बाद एक देश दो प्रणाली नीति को प्रस्तावित किया गया। दरअसल, डेंग की योजना थी कि इस माध्यम से चीन और ताइवान को एकजुट किया जाए। इस नीति के माध्यम से ताइवान को उच्च स्वायत्तता देने का वादा किया गया।