दिवंगत हॉकी खिलाड़ी एमके कौशिक और रविंद्र पाल का कोरोना से निधन, खेल मंत्री किरण रिजिजू ने परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का किया एलान

325

केंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजिजू ने कोरोना संक्रमण के कारण अपनी जान गंवाने वाले पूर्व हॉकी खिलाड़ियों रविंद्र पाल सिंह और एमके कौशिक के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का फैसला किया है।

कौशिक और सिंह, दोनों 1980 में मॉस्को ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के सदस्य थे। दोनों दिग्गज खिलाड़ियों का निधन कोविड-19 से संक्रमित होने के चलते हो गया था।

रिजिजू ने ट्वीट किया,‘हमने दो हॉकी दिग्गजों को कोरोना के कारण खो दिया। भारतीय खेलों में कौशिक जी और रविंद्र पाल सिंह जी के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।’ उन्होंने आगे लिखा, ‘सहायता के तौर पर खेल मंत्रालय उनके शोकाकुल परिवार को सहायता के तौर पर पांच-पांच लाख रुपये देगा। दुख की इस घड़ी में हम उनके साथ हैं।’