कोरोना संकट: सोनू सूद ने दिखाया कितनी तेजी से आती है मदद की पुकार, वीडियो शेयर कर बोले- ‘हर एक तक पहुंचने की कोशिश’

726

पिछले साल से देश लगातार कोरोना वायरस से लड़ रहा है। बड़ी तादात में इसकी चपेट में आने से काफी संख्या में लोगों की जान जा चुकी है। वहीं परेशानी के इस वक्त में लोग मदद के लिए भी आगे आ रहे हैं। कई बॉलीवुड सेलेब्स ने अपने-अपने तरीके से सहायता का हाथ बढ़ाया है। इनमें ग्लोबल एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा से लेकर अक्षय कुमार और सलमान खान तक शामिल हैं। वहीं सोनू सूद लंबे समय से कोरोना पीड़ितों की मदद करने में लगे हुए हैं। अब उन्होंने दिखाया कि किस रफ्तार से उन्हें सहायता के संदेश आते हैं।

सोनू ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वे अपने फोन की स्क्रीन को दिखा रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि चंद सेकंड में उन्हें काफी लोगों से मदद की पुकार आ रही है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कितनी तेजी से लोग अभिनेता से मदद मांग रहे हैं और उन्हें सोनू हर एक पर अपनी नजर बनाए हुए हैं। अभिनेता ने वीडियो शेयर करते हुए मदद का भरोसा दिया है।

अभिनेता ने लिखा कि ‘इस तेजी से हमें देश भर से मदद के अनुरोध मिलते हैं। हर किसी तक पहुंचने की मेरी पूरी कोशिश है। सबलोग … कृपया आगे आएं। हमें मदद के लिए और हाथों की जरूरत है। अपनी क्षमताओं का सबसे अच्छा उपयोग करने के लिए पूरी कोशिश करें।’