बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद ट्विटर पर सबसे ज्यादा बिज़ी, शाहरुख,अक्षय को पछाड़ बने नंबर वन

305

बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद मुश्किल हालातों से घिरे लोगों के लिए मदद का सबसे बड़ा ज़रिया बनकर सामने आए हैं। सोनू सूद को ‘गरीबों का मसीहा’ कहा जाता है। साथ ही पंजाब सरकार ने सोनू सूद को ‘स्टेट आइकन ऑफ पंजाब’ के खिताब से भी नवाज़ा है। अब सोनू सूद के नाम एक और उपलब्धि जुड़ गई है। सोनू सूद ट्विटर पर सबसे ज्यादा इंगेज्ड रहने वाले भारतीय अभिनेता बन गए हैं।

एक सोशल मीडिया एनालिटिक्स फर्म ट्वीटीट ने अक्टूबर के विश्लेषण की रिपोर्ट जारी की है। ट्वीटीट ने जिन कैटेगरीज के बीच यह एनालिसिस किया उनमें राजनेता, पत्रकार, बिजनेस लीडर्स, फाउंडर और इन्वेस्टर्स, खिलाड़ी, शेफ, लेखक, कॉमेडियन और मूवी स्टार्स शामिल थे। अभिनेताओं की लिस्ट में सोनू सूद टॉप पर हैं।2.4 मिलियन इंगेज्मेंट के साथ सोनू सूद ने इस सूची में टॉप किया है।

इस मामले में सोनू ने, शाहरुख खान, अमिताभ बच्चन, अक्षय कुमार और सलमान खान जैसे बड़े अभिनेताओं को भी पीछे छोड़ दिया है। वहीं अगर सभी कैटेगरी को जोड़ दिया जाए तो सोनू इस लिस्ट में चौथे नंबर पर हैं। पीएम मोदी इस लिस्ट में सबसे पहले पायदान पर हैं। दूसरा नंबर राहुल गांधी का है। तीसरे पर विराट कोहली हैं और चौथे पायदान पर सोनू हैं।अभिनेताओं की लिस्ट में सोनू सूद ने 2.4 मिलियन इंगेज्मेंट के साथ अव्वल स्थान हासिल किया है। तो दूसरे नंबर पर 7.3 लाख एंगेजमेंट के साथ शाहरुख खान हैं। अक्षय कुमार 6.72 लाख एंगेजमेंट के साथ तीसरे स्थान पर हैं। अनुपम खेर को 4.2 लाख एंगेजमेंट के साथ चौथा और रितेश देशमुख को 4.2 लाख एंगेजमेंट के साथ 5वां नंबर हासिल हुआ है।

यह तो सब जानते हैं कि मुश्किल वक्त में सोनू सूद ने लोगों तक पहुंचने का सबसे बड़ा ज़रिया सोशल मीडिया को ही बनाया था। वह ज्यादा से ज्यादा लोगों से ट्विटर के माध्यम से ही जुड़े रहे। लोगों की मदद के लिए हर संभव कोशिश करने का सोनू का ये सिलसिला लॉकडाउन के समय में शुरु हुआ था। जब सोनू ने मुंबई में फंसे हज़ारों प्रवासी मजदूरों को उनके गांव भेजने और खाने-पीने का सामान उपलब्ध करवाने की मुहिम शुरु की थी। देखते ही देखते ये मुहिम एक मिशन बन गई। एक के बाद एक जरुरतमंद लोग सोनू सूद से सोशल मीडिया के ज़रिए मदद मांगते गए और सोनू अपने सफर पर आगे बढ़ते गए। सोनू सूद ने सिर्फ प्रवासी लोगों को उनके घरों तक पहुंचाने काम ही नहीं किया बल्कि अब उनकी मदद के दायरे का भी विस्तार हो चुका है।

जल्द ही सोनू अपनी ऑटोबायोग्राफी भी लॉन्च करने जा रहे हैं। सोनू की यह किताब अगले महीने दिसंबर में लॉन्च होने वाली हैं। किताब का टाइटल है ‘मैं मसीहा नहीं’। इस किताब में सोनू ने अपने जिंदगी के उसी सफर का उल्लेख किया जिसके बाद उन्हें मसीहा या सुपरहीरो कहा जाने लगा है।