IPL 2021: 8 अप्रैल को होगी श्रेयस अय्यर के कंधे की सर्जरी, बिना खेलेगी भी मिलेगी पूरी सैलरी

240

दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान श्रेयस अय्यर कंधे में चोट की वजह से आईपीएल 2021 के पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। इसके बावजूद दिल्ली कैपिटल्स अय्यर को उनकी पूरी सैलरी देगी, जो कि 7 करोड़ रुपये है। अय्यर को भारत-इंग्लैंड के बीच खेली गई वनडे सीरीज के पहले मैच में फील्डिंग के दौरान चोट लगी थी। इसके बाद वो इस सीरीज से बाहर हो गए थे। बीसीसीआई के मुताबिक उनके कंधे की सर्जरी 8 अप्रैल को होगी। इस वजह से वो समय पर फिट नहीं हो पाने की वजह से दिल्ली कैपिटल्स के लिए पूरे सीजन में नहीं खेल पाएंगे।

श्रेयस अय्यर को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड(बीसीसीआई) की इंश्योरेंस पॉलिसी के तहत पूरी सैलरी मिलेगी। साल 2011 में लागू इस नीति में कहा गया है कि चोट या दुर्घटना की वजह से आईपीएल का सीजन छूटने पर सभी अनुबंधित खिलाड़ियों को पूरा मुआवजा दिया जाएगा। इसके अलावा वो खिलाड़ी इस योजना के लिए योग्य होगा, जो नेशनल ड्यूटी करते समय चोटिल हो जाता है या फिर उसके साथ कोई दुर्घटना घटती है। अय्यर भारतीय टीम का हिस्‍सा थे जब इंग्‍लैंड के खिलाफ वह कंधे की चोट के कारण बाहर हुए। ये स्‍कीम गैर-अनुबंधित खिलाड़‍ियों के लिए नहीं है।

अय्यर दिल्ली कैपिटल्स के प्रमुख खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने आईपीएल में 79 मैच खेले हैं। ये सभी मैच उन्होंने दिल्ली की तरफ से खेले हैं और 2200 रन बनाए हैं। 26 साल के अय्यर यूएई में खेले गए आईपीएल 2020 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी थे। अय्यर ने पिछले सीजन में 519 रन बनाए थे। इसके अलावा उनकी कप्तानी में टीम फाइनल तक पहुंची थी। उनकी जगह ऋषभ पंत को इस सीजन के लिए दिल्ली कैपिटल्स की कमान सौंपी गई है। दिल्ली कैपिटल्स 10 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगी।