वैश्विक शेयर बाजारों में आई गिरावट, सेंसेक्स 1400 अंक से ज्यादा टूटा, निफ्टी 14,700 के नीचे आया

216

आज सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को शेयर बाजार भारी गिरावट के साथ खुला। वैश्विक बाजारों में आई भारी गिरावट का असर घरेलू शेयर बाजार पर दिखा। सबसे ज्यादा गिरावट बैंकिंग शेयरों में देखी जा रही है। सुबह 11.16 बजे सेंसेक्स 1335.79 अंक यानी 2.62 फीसदी की गिरावट के साथ 49703.52 के स्तर पर था। निफ्टी इस दौरान 355 अंक नीचे 14742.35 के स्तर पर था। 

शुरुआती कारोबार में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 917.24 अंक (1.80 फीसदी) की गिरावट के साथ 50122.07 के स्तर पर खुला। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 267.80 अंक यानी 1.77 फीसदी नीचे 14829.60 के स्तर पर खुला। 

अमेरिकी बाजारों में आई भारी बिकवाली के चलते दुनियाभर के शेयर बाजारों में गिरावट है। दरअशर, अमेरिका में बॉन्ड यील्ड बढ़ने और टेक्नोलॉजी शेयरों में बिकवाली के चलते प्रमुख इंडेक्स गिरावट के साथ बंद हुए। नैस्डैक इंडेक्स 478 अंकों की गिरावट के साथ 13,119 पर बंद हुआ था और डाउ जोंस 559 अंक नीचे बंद हुआ था। जापान का निक्केई इंडेक्स 737 अंक नीचे 29,430 पर है। हांगकांग का हेंगसेंग इंडेक्स 771 अंक नीचे 29,303 पर कारोबार कर रहा है। चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स, कोरिया का कोस्पी और ऑस्ट्रेलिया का ऑल ऑर्डनरीज इंडेक्स दो-दो फीसदी नीचे है।

दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज शुरुआती कारोबार के दौरान सभी कंपनियों के शेयर लाल निशान पर थे। शीर्ष गिरावट वाले शेयरों में इंडसइंड बैंक, ओएनजीसी, एसबीआई, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी, कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व और पावर ग्रिड शामिल हैं।

सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज सभी सेक्टर्स की शुरुआत गिरावट पर हुई। इनमें एफएमसीजी, आईटी, रियल्टी, मीडिया, बैंक, फार्मा, फाइनेंस सर्विसेज, ऑटो, पीएसयू बैंक, मेटल और प्राइवेट बैंक शामिल हैं।

प्री ओपन के दौरान सुबह 9.05 बजे सेंसेक्स 659.32 अंक (1.29 फीसदी) नीचे 50,379.99 के स्तर पर था। वहीं निफ्टी 115.35 अंक (0.77 फीसदी) नीचे 15,097.35 के स्तर पर था।

पिछले कारोबारी दिन सेंसेक्स 450.78 अंक (0.89 फीसदी) की बढ़त के साथ 51,232.47 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 132 अंक यानी 0.82 फीसदी ऊपर 15,114 के स्तर पर खुला था।

गुरुवार को दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद घरेलू शेयर बाजार बढ़त पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 257.62 अंक यानी 0.51 फीसदी की तेजी के साथ 51039.31 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 115.35 अंक यानी 0.77 फीसदी की तेजी के साथ 15097.35 के स्तर पर बंद हुआ था।