पाकिस्तानः बलूचिस्तान में आतंकी हमले में 7 सैनिकों की मौत, पीएम इमरान ने जताया दुख, भारत पर निकाली भड़ास

742

पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में हुए एक हमले में सात पाकिस्तानी सैनिकों की मौत हो गई है। पाकिस्तानी सेना ने रविवार यह जानकारी दी। सेना ने बताया कि विद्रोहियों ने शनिवार देर रात प्रांत के हरनई क्षेत्र में फ्रंटियर कोर की एक चौकी पर गोलीबारी की जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। इस गोलीबारी में सात पाकिस्‍तानी सैनिकों की मौत हो गई। इलाके की घेराबंदी करके बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया।

पाकिस्‍तानी सेना ने कहा कि देश विरोधी ताकतों के समर्थन से दुश्मन ताकतों ने उक्‍त हमला किया है। ऐसे हमलों के जरिए बलूचिस्तान में कायम शांति और समृद्धि को नष्ट नहीं होने दिया जाएगा। वहीं प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा है कि हमले में सैनिकों की मौत से वह दुखी हैं। सैनिकों के परिजनों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। सूत्रों। के मुताबिक, आतंकियों की हिमायत करने वाले इमरान ने इस हमले का ठीकरा भारत पर फोड़ा है।

इसके अलावा बलूचिस्तान प्रांत में एक और हमला एक फुटबॉल क्लब के पास हुआ। इस बम धमाके में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई है जबकि सात अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि विस्फोट पंजगुर क्षेत्र में शनिवार शाम को हुआ था। घायलों को स्थानीय इलाके के एक अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। अभी पांच दिन पहले ही बलूचिस्तान प्रांत में सुरक्षा बलों ने 10 विद्रोहियों को मार गिराया था। मालूम हो कि बलूच राष्ट्रवादी संगठन से जुड़े चरमपंथी अक्‍सर सुरक्षा बलों पर हमले करते रहे हैं।

अभी कुछ महीने पहले ही बलूच विद्रोहियों ने पंजगुर जिले में सेना के एक काफिले को निशाना बनाते हुए हमला किया था जिसमें तीन सैनिकों की मौत हो गई थी जबकि एक कर्नल समेत आठ अन्य घायल हो गए थे। बलूचिस्तान में सेना के काफिले पर मई के बाद यह तीसरा भयानक हमला था। दरअसल, बलूचिस्तान के नागरिक चीन पाकिस्तान आर्थिक कॉरिडोर का विरोध करते रहे हैं। पाकिस्‍तानी सेना सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों को निशाना बनाती रही है।