रूस-यूक्रेन युद्ध का आज 21वां दिन: मारियुपोल में रूसी सैनिकों ने लोगों को बनाया बंधक

    222
    Russia-Ukraine

    रूस-यूक्रेन जंग का आज 21वां दिन है। रूस लगातार यूक्रेनी शहरों में नागरिक इलाकों पर बमबारी कर रहा है। हमले के बीच कई भारतीय फंस गए थे। इन्हें रूसी शहरों के रास्ते भी वापस लाया जा रहा है। खेर्सोन में फंसे 3 भारतीयों को सिम्फरोपोल और मॉस्को के रास्ते सुरक्षित निकाल लिया गया।

    इधर, रूस ने मरियुपोल के सबसे बड़े अस्पताल पर कब्जा कर लिया है। यहां के डिप्टी मेयर ने कहा कि रूस के सैनिकों ने डॉक्टरों और मरीजों सहित 400 लोगों को बंधक बना लिया है। उन्हें बाहर आने-जाने नहीं दिया जा रहा है।

    मारियुपोल पर रूस की बढ़ती बमबारी के बावजूद यूक्रेन ने कहा कि उसे रूस के साथ वार्ता में समझौते की गुंजाइश नजर आती है।

    इस बीच, रूसी सेना से घिरे यूक्रेन के मारियुपोल से एक मानवीय गलियारे के जरिए करीब 20,000 लोगों ने बंदरगाह शहर छोड़ दिया। अभी तक इतनी बड़ी संख्या में लोगों ने वहां से पलायन नहीं किया था। इस बीच, देश छोड़कर जाने वाले लोगों की संख्या 30 लाख के पार पहुंच गई।