रूस ने कीव, खारकीव, मारीपॉल और सूमी जैसे इलाकों में किया सीज़फायर का ऐलान

    417
    Russia declares Ceasefire

    रूस और यूक्रेन के बीच पिछले 12 दिनों से चल रहे युद्ध में अब रूस ने यूक्रेन में सीजफायर का ऐलान किया है। रूस ने यूक्रेन से लोगों की सुरक्षित निकासी के लिए यह कदम उठाया है। खबरों के मुताबिक रूस ने यूक्रेन के दो सबसे बड़े शहरों, राजधानी कीव, सूमी, मारिओपोल और खारकीव में सीजफायर लगाया है। रूस का सीजफायर दोपहर भारतीय समयानुसार आज दोपहर 12:30 बजे से लागू होगा।

    रूस ने ऐसे वक्त पर सीजफायर लगाया है जब पीएम मोदी कुछ देर बाद ही यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से फोन पर बात करने जा रहे हैं। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे पीएम मोदी आज पुतिन से भी बात करेंगे। मोदी ने युद्ध शुरू होने के बाद भारतीय छात्रों की सुरक्षित निकासी सुनिश्चित करने के लिए पहले भी पुतिन से बात की थी। भारत सरकार यूक्रेन से भारतीय छात्रों को निकालने के लिए दुनिया का सबसे बड़ा रेस्क्यू मिशन ‘ऑपरेशन गंगा’ चला रही है।

    नाटो देश यूक्रेन को संगठन में शामिल करने पर चर्चा के लिए तैयार नहीं हैं लिहाजा कीव अब ‘गैर-नाटो मॉडल’ पर चर्चा करने के लिए तैयार है। ये जानकारी एक अधिकारी ने दी है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने रविवार को फॉक्स न्यूज से रूस के साथ बातचीत के लिए यूक्रेन प्रतिनिधिमंडल के सदस्य डेविड अरखामिया के हवाले से कहा, ‘नाटो देशों से हमें जो प्रतिक्रिया मिल रही है, वह यह है कि वे हमें नाटो में रखने पर चर्चा करने के लिए तैयार नहीं हैं।’

    उन्होंने कहा, ‘हम नाटो के आवेदनों के लिए नहीं लड़ेंगे, हम परिणाम के लिए लड़ेंगे लेकिन प्रक्रिया के लिए नहीं।’ अरखामिया ने कहा, ‘हम कुछ गैर-नाटो मॉडलों पर चर्चा करने के लिए तैयार हैं। हम न केवल रूस के साथ द्विपक्षीय चर्चा में बल्कि अन्य भागीदारों के साथ भी व्यापक दायरे में ऐसी चीजों पर चर्चा करने के लिए तैयार हैं।’ युद्ध के बीच, यूक्रेन और रूस ने 28 फरवरी और 3 मार्च को दो दौर की बातचीत की और सोमवार को तीसरे दौर की बातचीत होने जा रही है।