प्रियंका ने मुख्यमंत्री योगी पर लगाया गैरजिम्मेदार होने का आरोप, बोलीं- कोरोना संक्रमित के संपर्क में आने पर भी कर रहे रैलियां

179

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार (8 अप्रैल) को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर गैरजिम्मेदार होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ कोरोना वायरस से संक्रमित एक शख्स के संपर्क में आ चुके हैं। इसके बावजूद वह लगातार चुनावी सभाएं कर रहे हैं। संकट की इस घड़ी में उनका गैरजिम्मेदार रवैया साफ नजर आ रहा है। बता दें कि सीएम योगी पश्चिम बंगाल में लगातार चुनावी रैलियां कर रहे हैं। उन्होंने आज हुगली में भी जनसभा को संबोधित किया। 
प्रियंका ने लगाया यह आरोप 
प्रियंका गांधी ने योगी आदित्यनाथ पर ट्वीट करके निशाना साधा। उन्होंने लिखा, ‘खबरों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कोविड संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने के बाद भी रैलियों में जा रहे हैं। उनका कार्यालय कोविड से होने वाली मौतों के गलत आंकड़े दे रहा है। खबरों के अनुसार, लखनऊ के शवदाहगृह एवं अस्पतालों में लंबी वेटिंग है। लोगों में दहशत है।’

कांग्रेस नेता ने कही यह बात
प्रियंका गांधी ने कहा, ‘जिनका कार्य जवाबदेही और पारदर्शिता भरा होना चाहिए, वह खुद गैरजिम्मेदार साबित हो रहे हैं। संकट के समय नेताओं को सत्यता और सही आचरण का उदाहरण पेश करना चाहिए, ताकि लोग उन पर भरोसा कर सकें।’

भाजपा के स्टार प्रचारक हैं योगी
बता दें कि सीएम योगी आदित्यनाथ भाजपा के स्टार प्रचारक हैं। ऐसे में वह भाजपा के समर्थन में लगातार चुनावी रैलियां कर रहे हैं। उन्होंने गुरुवार को हुगली में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) विरोधी प्रदर्शनों के दौरान टीएमसी के लोग हिंसा भड़काने में उनकी मदद कर रहे थे। उत्तर प्रदेश में हमने दंगाइयों के पोस्टर लगवाए और उनकी संपत्ति जब्त कर ली। ममता दीदी ऐसा कभी नहीं कर सकतीं, क्योंकि वह उन्हें टीएमसी के वोट बैंक के रूप में देखती हैं।