पीएम मोदी की सुरक्षा में चूक: प्रियंका गांधी बोलीं- पीएम पूरे देश के हैं, चिंता हुई, इसलिए सीएम चन्नी से बात की

351
Priyanka gandhi attacks BJP

पंजाब यात्रा के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक का मामला ठंडा पड़ता नहीं दिख रहा। पंजाब के सीएम चरणजीत चन्नी की तरफ से पीएम की सुरक्षा की जानकारी प्रियंका गांधी से शेयर करने पर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई थी। इसके बाद सोमवार को एक निजी चैनल को दिए इंटरव्यू में प्रियंका गांधी ने इस पर सफाई दी। प्रियंका ने कहा कि नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं। हमें उनकी चिंता है। सिर्फ इसलिए मैंने सीएम चन्नी से पीएम मोदी की सुरक्षा के बारे में जानकारी ली। इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।

पीएम की सुरक्षा में चूक के बाद पंजाब के सीएम चरणजीत चन्नी ने कहा था कि पंजाब में पीएम को कोई खतरा नहीं था। वे पूरी तरह सुरक्षित थे। इस संबंध में मैंने प्रियंका गांधी जी से बात की है और उन्हें सारे मामले से अवगत कराया है। चन्नी के इस बयान को लेकर भाजपा ने कांग्रेस व सीएम पर निशाना साधा था।

संबित पात्रा ने उठाए थे सवाल
भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा ने सीएम चन्नी पर तंज कसते हुए कहा, ‘चन्नी साहिब थोड़ा ईमानदार हो जाइये, आपने प्रियंका गांधी को अवश्य यह बात कही होगी कि काम हो गया सी… जो बोला था, वो हो गया!’ यानी आपने जो कहा वह काम हो गया।’

पात्रा ने चन्नी पर पलटवार करते हुए कहा है कि यह दुर्भाग्य की बात है कि चन्नी ने इस संबंध में प्रियंका गांधी को सारी बातें बताईं। इसके साथ ही पात्रा ने सवाल किया कि आखिर किस अधिकार के तहत प्रियंका गांधी को पीएम की सुरक्षा की जानकारी दी गई। एक मौजूदा सीएम ने पीएम की सुरक्षा जैसे संवेदनशील मुद्दे को लेकर प्रियंका गांधी को किस आधार पर सूचनाएं दीं? सीएम ने ऐसा क्यों किया? क्या प्रियंका गांधी किसी संवैधानिक पद पर हैं जो उन्हें जानकारी दी गई? प्रियंका गांधी कौन हैं जिन्हें एक मुख्यमंत्री ने सूचित किया?