मकर संक्रांति, बिहू और पोंगल पर प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई, कहा- भारत की जीवंत सांस्कृतिक विविधता को दर्शाते हैं ये त्यौहार

    196
    pm modi

    देशभर में शुक्रवार को मकर संक्रांति, भोगली बिहू, टुसू पूजा, पोंगल, सुग्गी, भोगी, माघी, खिचड़ी, पौष पर्व और उत्तरायण का पर्व मनाया जा रहा है। इस पर्व पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी देशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा, देशभर में आज हम विभिन्न त्यौहार मना रहे हैं जो भारत की जीवंत सांस्कृतिक विविधता को दर्शाते हैं। इन त्योहारों पर मेरी शुभकामनाएं।

    विदेश मंत्री डा. एस जयशंकर ने भी इस पर्व पर देशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने एक ट्वीट करते हुए कहा कि प्रार्थना है कि यह त्यौहार सभी के जीवन में सुख और समृद्धि लेकर आए।

    उमंग भरे पर्वों-मकर संक्रांति,माघ बिहू और उत्तरायण-पर सभी को हार्दिक बधाई।प्रार्थना करता हूँ कि ये त्यौहार सबके जीवन में सुख, समृद्धि व आरोग्य लेकर आएँ।

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी दी बधाई

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बधाई देते हुए कहा, मकर संक्रांति, पोंगल, भोगली बिहू, उत्तरायण और पौष पर्व के पावन अवसर पर सभी को बधाई। सभी को सुख, शांति और समृद्धि का आशीर्वाद मिले। आपके अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना।