गुजरात में देश की पहली सी प्लेन सेवा हुई शुरू, PM मोदी ने केवड़िया से साबरमती तक भरी उड़ान

527

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के मौके पर केवड़िया से साबरमती रिवरफ्रंट सी-प्लेन सेवा का उद्घाटन किया। यह देश की पहली सी-प्लेन सेवा है। सैलानियों के लिए यह सेवा अहमदाबाद से केवड़िया और केवड़िया से अहमदाबाद के बीच उपलब्ध होगी। प्रधानमंत्री ने सेवा की पहली उड़ान के जरिए केवड़िया से अहमदाबाद में साबरमती रिवरफ्रंट तक का सफर किया।

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने केवड़िया में एकता क्रूज का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने इस क्रूज पर सफर किया। उन्होंने इस क्रूज से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तक की यात्रा की। प्रधानमंत्री मोदी 2017 गुजरात विधानसभा चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सी-प्लेन की यात्रा करते दिखाई दिए थे। तब उन्होंने सी-प्लेन के जरिए साबरमती नदी से मेहसाणा जिले के धरोई बांध तक की यात्रा की थी। 

जिस सी प्लेन सेवा को प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को हरी झंडी दिखाई है उसकी गिनती उनके ड्रीम प्रोजेक्ट में होती है। अब इसे स्टैच्यू ऑफ यूनिटी से जोड़ दिया गया है। बीते दिनों ही यह सी प्लेन मालदीव से कोच्चि पहुंचा था। इसकी शुरुआत केवड़िया से अहमदाबाद के बीच हुई है। पिछले कुछ दिनों से अहमदाबाद और केवड़िया में सी-प्लेन के लिए जेटी बनाने का काम किया जा रहा था।