मुलायम सिंह यादव को आज मिलेगा ‘मरणोपरांत’ पद्म विभूषण, अखिलेश ग्रहण करेंगे पुरस्कार..

131

समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत मुलायम सिंह यादव को आज देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण पुरस्कार (मरणोपरांत) से नवाजा जाएगा. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल में आयोजित अलंकरण समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों अपने पिता के बदले पद्म विभूषण पुरस्कार ग्रहण करेंगे. इस दौरान उनकी पत्नी डिंपल यादव भी दरबार हॉल में मौजूद रहेंगी. दोनों आज दोपहर तक दिल्ली पहुंच जाएंगे. अलंकरण समारोह आज शाम 5 बजे से होगा. नेताजी मुलायम सिंह यादव का निधन बीते साल 10 अक्टूबर को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में हुआ था.

45 लोगों को पद्म श्री से सम्मानित किया गया था

दरअसल, हर साल गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पद्म पुरस्कारों की घोषणा की जाती है. इस साल दिवंगत नेता मुलायम सिंह यादव, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एसएम कृष्णा को पद्म विभूषण देने का ऐलान हुआ था. मणिपुर बीजेपी के अध्यक्ष थौनाओजम चौबा सिंह और त्रिपुरा के दिवंगत नेता नरेंद्र चंद्र देबवर्मा को पद्म श्री से सम्मानित करने की घोषणा हुई थी. पद्म पुरस्कार यानी पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री- देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों में शामिल हैं. इन पुरस्कारों की स्थापना वर्ष 1954 में हुई थी. आज शाम पद्म पुरस्कारों का दूसरा चरण है. पहले चरण में 22 मार्च को 3 लोगों को पद्म विभूषण, 4 लोगों को पद्म भूषण और 45 लोगों को पद्म श्री से सम्मानित किया गया था.