मनिका बत्रा और जी साथियान ने बुडापेस्ट में मिश्रित युगल खिताब जीता – हंगरी की जोड़ी को 3-1 से हराया

161

भारत की टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा और जी साथियान ने शुक्रवार को यहां डब्ल्यूटीटी कंटेंडर चैम्पियनशिप में हंगरी की जोड़ी को 3-1 से हराकर मिश्रित युगल खिताब अपने नाम किया। यह भारतीय जोड़ी 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में पिछली बार एक साथ खेली थी। उन्होंने हंगरी की डोरा मादारास्ज और नंडोर एस्के की 94वीं रैंकिंग जोड़ी को 11-9 9-11 12-10 11-6 से हराया और बतौर जोड़ी जीत से वापसी की।

यह मनिका और साथियान के लिये यादगार जीत रही जिन्होंने बतौर जोड़ी सकारात्मक वापसी की और दोनों की योजना 2024 पेरिस ओलंपिक तक अपनी जोड़ी को बनाये रखने की है। मनिका ने अनुभवी खिलाड़ी शरत कमल के साथ एशियाई खेलों का कांस्य पदक जीता था और हाल में यह जोड़ी एक साथ तोक्यो ओलंपिक में खेली थी।

साथियान ने कहा, ‘‘यह शानदार है कि हम बहुत कम अभ्यास के बावजूद इस स्पर्धा में जीत हासिल कर सके। यह दिखाता है कि हम बतौर जोड़ी काफी कुछ हासिल कर सकते हैं। ’’