लखनऊ गोली कांड मामला : आयुष किशोर से पुलिस ने की 5 घंटे तक पूछताछ, अपनी बीवी के खिलाफ सुनाई एक और नयी कहानी

211

भाजपा सांसद कौशल किशोर के बेटे आयुष किशोर से पुलिस ने करीब पांच घंटे तक की पूछताछ की। इस बार आयुष ने नई कहानी बताई जिसमें उसकी पत्नी के दूसरे युवक से दोस्ती होने की बात कही। इसकी जानकारी होने पर वारदात वाली रात दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद वह घर से बाहर निकल गया। तभी उसके साले आदर्श ने पीछे से उस पर दो गोलियां चलाईं। 

आयुष ने बताया कि जिस पिस्तौल से गोली चलाई गई थी, वह चंदन गुप्ता ने आदर्श को दी थी। मड़ियांव थाने में आयुष मंगलवार दोपहर 2.30 बजे पहुंचा। उसे पूछताछ के बाद पुलिस ने शाम करीब 7.30 बजे छोड़ा। इस दौरान एडीसीपी उत्तरी प्राची सिंह व इंस्पेक्टर मनोज सिंह ने वारदात से जुड़े कई सवाल किये गए।

एडीसीपी उत्तरी प्राची सिंह के मुताबिक, मंगलवार को आयुष के दिए गए बयान में कई तथ्य सामने आए हैं। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आयुष को जिस पिस्तौल से गोली मारी गई थी, वह लाइसेंसी है। इसकी पुष्टि हो गई है लेकिन कचहरी के असलहा विभाग के रिकॉर्ड में अभी यह सामने नहीं आया है कि पिस्तौल का लाइसेंस किसके नाम पर है। वहीं इसकी पुष्टि करने के लिए चंदन को भी नोटिस देकर बयान के लिए बुलाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर चंदन व आयुष को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जाएगी। पिस्तौल की पुष्टि होने के बाद इस वारदात की गुत्थी सुलझ सकेगी। 

आयुष ने पूछताछ में बताया कि उसको जानकारी मिली कि अंकिता की दोस्ती किसी मनीष नाम के युवक से है जिसके बाद दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। गुस्से में वह घर छोड़ कर जा रहा था। तभी आदर्श ने उसे पीछे से दो गोली मारी थीं। पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने के लिए चंदन गुप्ता, अंकिता और मनीष से भी पूछताछ करने की तैयारी कर रही है।

भाजपा सांसद कौशल किशोर के बेटे आयुष की पत्नी अंकिता की तबीयत में सुधार होने के बाद उसे सिविल अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। अंकिता ने रविवार रात सांसद के घर के पास हाथ की नस काटकर खुदकुशी करने का प्रयास किया था। हाथ में कई जगह कट होने के बाद उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 

इसके पहले अंकिता ने खुदकुशी की धमकी देते हुए दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए थे। सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ. एसके नंदा के मुताबिक उसके हाथ में चार पांच जगह कट थे। हालांकि इस खुद की कलाई पर वार करते समय उसकी कोई नस नहीं कटी थी, जिसके कारण वह खतरे से बाहर थी। फिलहाल वह पूरी तरह से स्वस्थ है।