लखनऊ: गोमती नदी से 22 घंटे बाद गोताखोरों ने निकला बच्चे का शव..

168

राजधानी लखनऊ में मंगलवार को करीब 3 बजे रिवर फ्रंट के किनारे खेल रहा 9 साल का मासूम बच्चा अचानक गोमती नदी में गिर गया। वहीं आज 22 घंटे बाद गोताखोरों की मदद से एसडीआरएफ की टीम ने मासूम के शव को बरामद कर लिया है। शव बरामद होने के बाद परिवारवालों का रो-रो कर बुरा हाल है। इसके बाद पुलिस ने मासूम के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

महिला नदी किनारे कपड़े धुलने आई थी

दरअसल यह मामला हजरतगंज के लक्ष्मण मेला मैदान छठ पूजा स्थल का है। जहां स्थानीय निवासी एक महिला नदी किनारे कपड़े धुलने आई थी। तभी इस दौरान साथ में आया 9 साल का बच्चा जिसका नाम राज सोनकर था। वह नदी किनारे खेल रहा था। तभी अचानक साबुन के पानी से उसका पैर फिसल गया और वह रेलिंग की कटी हुई ग्रिल को पार करते हुए गोमती नदी में जा गिरा। ये देखते ही राज की मां के होश उड़ गए और उसने मदद के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया। वहीं मां की चीख पुकार सुनकर मौके पर आस-पास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। वहीं आनन-फानन में मौके पर पहुंचे लोगों ने राज को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह उनकी आंखों के सामने ही डूब गया।