Lockdown 2021 Guidelines: होली पर छाए कोरोना के काले बादल, कहीं नाइट कर्फ्यू, कहीं लौटा लॉकडाउन, जानें आपके यहां क्या हैं पाबंदियां

    421
    chennai Lockdown

    कोरोना महामारी को लेकर पांच राज्यों- महाराष्ट्र, पंजाब, कर्नाटक, गुजरात और छत्तीसगढ़ ने केंद्र और राज्य सरकारों की चिंता बढ़ा दी है। इन्हीं राज्यों में 80 फीसद से ज्यादा केस सामने आए हैं। वहीं, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु और दिल्ली में भी मामले तेजी से बढ़ रहा हैं। वायरस के तेजी से बढ़ते नए मामलों को देखते हुए राज्य सरकारों ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। महाराष्ट्र सरकार ने कोरोना की नई गाइडलांस को बढ़ाकर 31 मार्च कर दिया है। पंजाब ने स्कूलों को 31 मार्च तक बंद रखने का फैसला किया है। 11 जिलों में नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। मध्‍य प्रदेश सरकार ने भोपाल, इंदौर और जबलपुर में लॉकडाउन लगाने का आदेश दिया है। वहीं, केंद्र सरकार ने राज्यों को ‘टेस्ट, ट्रैक और ट्रीट’ की रणनीति को अपनाने की सलाह दी गई है। देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना महामारी के 40 हजार से अधिक नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1.15 करोड़ हो गई है और अब तक 1,59,558 लोगों की जान जा चुकी है।

    कोरोना महामारी से बुरी तरह प्रभावित महाराष्ट्र ने नई कोरोना गाइडलाइंस को 31 मार्च तक के लिए बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा है कि अगर हालात काबू में नहीं हुए तो लॉकडाउन भी एक विकल्प है। इस बीच, राज्य सरकार ने थियेटर और ऑडिटोरियम को 31 मार्च तक 50 फीसद क्षमता से चलाने का आदेश दिया है। इस संबंध में शुक्रवार को जारी अधिसूचना में स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक सेवाओं को छोड़कर निजी क्षेत्र के दफ्तरों को भी कर्मचारियों की 50 फीसद क्षमता के साथ काम करने को कहा गया है। जबकि, सरकारी और अर्धसरकारी दफ्तरों के लिए वहां के हेड को कर्मचारियों की संख्या को निर्धारित करने का अधिकार दिया गया है।

    मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर और जबलपुर में शनिवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह छह बजे तक यानी कुल 32 घंटे का लॉकडाउन लगाने का एलान किया गया है। 31 मार्च तक इन तीन शहरों में स्कूल-कॉलेज भी बंद रहेंगे। इस दौरान आवश्यक सेवाएं और उद्योग चालू रहेंगे। बिना अनुमति सामाजिक समारोह भी नहीं आयोजित किए जाएंगे। कोरोना संक्रमण के कारण ज्योतिर्लिग महाकाल मंदिर में दर्शन व्यवस्था में भी बदलाव हुआ है। इसके तहत रात नौ बजे से पहले सभी दर्शनार्थियों को मंदिर परिसर से बाहर आना होगा। श्रद्धालु शयन आरती दर्शन नहीं कर सकेंगे।

    गुजरात में भी कोरोना की रफ्तार पर ब्रेक नहीं लग पा रहा है। औद्योगिक नगरी सूरत में भी तेजी से मामले बढ़ रहे हैं। पिछले एक दिन में तीन सौ से ज्यादा नए मरीजों के मिलने के बाद शहर में रात के कफ्र्यू के समय को बढ़ा दिया गया है। अब शुक्रवार से ही रात 10 के बजाय नौ बजे से सुबह छह बजे तक कफ्र्यू प्रभावी होगा। वहीं, अहमदाबाद में मॉल और मल्टीप्लेक्स को सप्ताहांत में बंद रखने का भी आदेश दिया गया है। शहर में रात का कफ्र्यू पहले से ही लागू है।