देश में लगातार दूसरे दिन 2 लाख से कम नए कोरोना केस आए सामने, 24 घंटे में 3617 मरीजों की मौत

438

देश कोरोना के मामलों में तेजी से गिरावट हो रही है, लेकिन रोजाना होने वाली मौत के आंकड़ों ने अब भी चिंता बढ़ा रखी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, बीते दिन देश में 1 लाख 73 हजार 790 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। नए संक्रमितों का यह आंकड़ा पिछले 47 दिनों में सबसे कम है। इससे पहले 12 अप्रैल को 1 लाख 60 हजार 854 नए मरीज मिले थे।

हालांकि, कोरोना की वजह से होने वाली मौतें थमने का नाम नहीं ले रहीं। पिछले 24 घंटे में 3,617 लोगों की जान गई। मई महीने में रोजाना औसतन 3,500 से 4,000 मौतें रिकॉर्ड की जा रही हैं। राहत की बात यह भी है कि महामारी से रिकवर होने वाले मरीजों का आंकड़ा भी लगातार बढ़ रहा है। शुक्रवार को 2 लाख 84 हजार 601 लोगों ने कोरोना को मात दी।

इसके साथ ही एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या, भी घट रहे हैं। शुक्रवार को देश में 1 लाख 12 हजार 167 एक्टिव केस कम हुए। बीते 19 दिन में ही 15 लाख से ज्यादा एक्टिव केस कम हुए हैं। 9 मई को सबसे ज्यादा 37.41 लाख एक्टिव केस थे। अब ये घटकर करीब 22.14 लाख रह गए हैं।

देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में

  • बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 1.73 लाख
  • बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 2.84 लाख
  • बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 3,617
  • अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.77 करोड़
  • अब तक ठीक हुए: 2.51 करोड़
  • अब तक कुल मौतें: 3.22 लाख
  • अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 22.14 लाख