कंगना रनौत का बॉडीगार्ड गिरफ्तार, शादी का झांसा देकर महिला से यौन शोषण और धोखाधड़ी का आरोप

226

अभिनेत्री कंगना रनौत के बॉडीगार्ड कुमार हेगड़े को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हेगड़े को कर्नाटक स्थित उनके गांव से गिरफ्तार किया गया है। उन पर एक महिला ने शादी का झांसा देकर धोखा देने और यौन शोषण का आरोप लगाया है। 

आरोपी को उसके गांव से किया गिरफ्तार
पीड़ित महिला ने मुंबई के डीएन नगर पुलिस स्टेशन में हेगड़े के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। 30 वर्षीय महिला पेशे से ब्यूटीशियन हैं। 

समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए पुलिस ने कहा कि ‘मुंबई पुलिस की एक टीम कल (शनिवार) यहां आई और कुमार हेगड़े को मांड्या के हेग्गाडाहल्ली से गिरफ्तार कर लिया।‘

शादी का किया था वादा
महिला का कहना है कि पिछले साल जून में कुमार हेगड़े ने शादी का वादा किया था और दोनों रिलेशनशिप में आ गए। एफआईआर के मुताबिक, आरोपी ने पीड़िता से शादी का वादा किया और उसने लिव इन रिलेशनशिप में रहने की सलाह दी। जिस पर महिला राजी हो गई। वो पिछले आठ साल से एक दूसरे को जानते थे। 

शारीरिक संबंध के लिए बनाया था दबाव
महिला ने कहा कि उसने शारीरिक संबंध से इनकार किया था लेकिन आरोपी ने उस पर दबाव डाला था। यही नहीं हेगड़े पर आरोप है कि उसने मां की तबीयत खराब होने की बात कहकर 50 हजार रुपये मांगे थे क्योंकि उसे अपने घर जाना था। उसके बाद से वह उसके संपर्क में नहीं था।