बंगाल हिंसा: जेपी नड्डा का ममता बनर्जी पर ज़ोरदार हमला, कहा- ‘हाथों में खून के साथ दीदी ने शुरू किया तीसरा कार्यकाल’

483
JP Nadda Twitter account hacked

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणाम सामने आने के बाद राज्य में हुईं हिंसा की घटनाओं को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुधवार को ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस पर हमला बोला। नड्डा ने कहा कि जिस तरह नरसंहार हुआ, क्रूरता से हत्याएं की गईं और जिस तरह कार्यकारी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 36 घंटे तक शांत रहीं, यह बताता है कि इसमें उनकी संलिप्तता है। ममता जी का मौन उनकी संलिप्तता के बारे में बताता है और उन्होंने अपना तीसरा कार्यकाल अपने हाथों में खून के साथ शुरू किया है।

नड्डा ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भाजपा के जमीनी कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया और उनपर और उनके परिजनों पर हमले किए। उन्होंने खासतौर पर महिलाओं को निशाना बनाया। छेड़छाड़ और दुष्कर्म के मामले बड़े पैमाने पर हुए हैं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हम चुनाव के प्रचार में जब कहते थे कि पश्चिम बंगाल में महिलाएं सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं, तो हम सही थे। बंगाल में पहले लोगों पर हमला, फिर परिवारों पर हमला, फिर महिलाओं पर हमला और उसके बाद लूटपाट हमें देखने को मिलती है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि गांवों में तोड़फोड़ की गई। लोगों को अपनी सुरक्षा के लिए अपने गांवों को छोड़कर जाना पड़ा। कुछ लोगों को अपनी जान बचाने के लिए असम में शरण लेनी पड़ी। ईस्ट कैनिंग जैसे इलाकों में इन लोगों को पिछले साल अम्फान से जूझना पड़ा था और इस साल उन्हें ‘ममता-फान’ का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हम हर एक भाजपा कार्यकर्ता के साथ हैं और हम अंत कर यह जंग लडेंगे। हम मुद्दों को उठाएंगे साथ ही हम चाहते हैं कि हर बंगाली समानता और गरिमा के साथ रह सके।