जम्मू-कश्मीरः बर्फबारी से मुगल रोड, श्रीनगर-लेह हाईवे बंद, घाटी में आज भी बिगड़ा रहेगा मौसम

    222

    उच्च पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी से जम्मू संभाग को घाटी से जोड़ने वाला मुगल रोड और श्रीनगर-लेह हाईवे बंद हो गए हैं। पूरे प्रदेश में बादल छाए रहने से ठंड भी बढ़ गई है। इस बीच मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने रविवार को भी उच्च पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी के आसार जताए हैं। आठ दिसंबर को जम्मू संभाग में सामान्य से भारी बारिश और कुछ इलाकों में हिमपात का पूर्वानुमान है। 

    जोजिला पास और द्रास क्षेत्रों में बर्फबारी की वजह से श्रीनगर हाईवे का यातायात बंद हो गया है। कश्मीर में पहलगाम और गुलमर्ग के पर्वतीय क्षेत्रों में भी बर्फबारी हुई है। कश्मीर और लद्दाख में रविवार को भी पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। मौसम के करवट बदलने से प्रदेश में तापमान में गिरावट आ गई। श्रीनगर में दिन का अधिकतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। गुलमर्ग में कड़ाके की ठंड रही। यहां पर न्यूनतम तापमान माइनस 3.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। पहलगाम में अधिकतम तापमान 7.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 0.7 डिगी सेल्सियस रहा। 

    जम्मू जिले में अधिकतम तापमान 24.7 और न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री रहा। बनिहाल में न्यूनतम तापमान माइनस 4.0 डिग्री के पहुंच जाने से शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। भद्रवाह में भी न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री रहा।