IPL 2021 MI vs CSK: पोलार्ड ने खेली ताबड़तोड़ पारी, मुंबई ने चेन्नई को रोमांचक मैच में 4 विकेट से हराया

310

इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन के 27वें मैच में मुंबई इंडियंस के सामने चेन्नई सुपर किंग्स थी। ये मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया। रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। सीएसके ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मोइन अली, फाफ डुप्लेसिस और अंबाती रायुडू के अर्धशतकों के दम पर 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 218 रन बनाए। कीरोन पोलार्ड के तूफानी अर्धशतक के दम पर मुंबई ने 6 विकेट गंवाकर आखिरी गेंद पर रोमांचक जीत हासिल की।

219 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने मुंबई के लिए रोहित शर्मा और क्विंटन डिकॉक की जोड़ी उतरी। इस जोड़ी ने मुंबई के लिए पावरप्ले में 58 रन जोड़े। रोहित 35 रन के स्कोर पर शार्दुल ठाकुर की गेंद पर ऋतुराज गायकवाड को बाउंड्री पर कैच दे बैठे। इसके बाद सूर्यकुमार यादव को रवींद्र जडेजा ने महेंद्र सिंह धौनी के हाथों कैच करवाया। 38 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे डिकॉक को मोइन अली ने आउट कर टीम को बड़ी सफलता दिलाई।

कीरोन पोलार्ड ने महज 17 गेंद पर 6 छक्के और 3 चौका जमाते हुए इस सीजन में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड बना डाला। क्रुणाल पांड्या 23 गेंद पर 32 रन बनाने के बाद सैम कुर्रन की गेंद पर lbw होकर वापस लौटे। 7 गेंद पर 16 रन बनाकर हार्दिक पांड्या भी सैम की गेंद पर कैच आउट हुए। 34 गेंद पर 87 रन की तूफानी पारी के दौरान पोलार्ड ने 8 छक्के और 6 चौके लगाए। इस पारी के दम पर उन्होंने मैच बदल दिया।