IND v/s ENG: रिषभ पंत ने इंग्लैंड के खिलाफ जमाया धमाकेदार शतक, भारत के पास 89 रन की अहम बढ़त, पंत-वाशिंगटन सुंदर के नाम रहा दूसरा दिन

    530

    भारतीय विकेटकीपर रिषभ पंत इस वक्त शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। अपने इसी फॉर्म को जारी रखते हुए उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ अहमदाबाद में शानदार शतक जमाया। मुश्किल में घिरी भारतीय टीम के लिए पहली पारी में पंत ने 101 रन बनाए और टीम को बढ़त दिलाई। टेस्ट करियर में इस खिलाड़ी ने दूसरी बार छक्के से अपना शतक पूरा किया और वो कमाल कर दिखाया जो पिछले 57 साल में किसी भारतीय विकेटकीपर ने नहीं किया था।

    रिषभ पंत ने अहमदाबाद टेस्ट मैच के दूसरे दिन शानदार पारी खेलते हुए भारत को मुश्किल से निकाला। 80 रन पर भारत ने अपना चौथा विकेट गंवाया था और पंत ने मैदान पर कदम रखा। उन्होंने रोहित शर्मा के साथ पहले पारी संभाली और फिर आक्रामक शॉट लगाते हुए शतक पूरा किया। वाशिंग्टन सुंदर के साथ पंत ने शतकीय साझेदारी निभाते हुए टीम के बढ़त दिलाई। 118 गेंद पर 13 चौके और 2 छ्क्के के साथ 101 रन की पारी खेली।

    इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट में दो शतक जमाने के मामले में रिषभ पंत ने पूर्व भारतीय दिग्गज बुधी कुंदरन की बराबरी कर ली। साल 1964 में ऐसा हुआ था जब किसी भारतीय विकेटकीपर ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट में दो शतक बनाए थे। पथ ने 57 साल बाद ऐसा कर दिखाया। कमाल की बात यह रही कि अपने टेस्ट करियर का पहला शतक भी इस बल्लेबाज ने इंग्लैंड के खिलाफ ही लगाया था।

    रिषभ पंत ने इंग्लैंड के खिलाफ 2018 में आदिल रशीद की गेंद पर छक्का लगाते हुए अपना पहला शतक बनाया था। अब साल 2021 में इंग्लैंड के कप्तान जो रूट की गेंद पर उन्होंने छक्का लगाते हुए शतक पूरा किया। यह घर पर खेलते हुए पंत का पहला टेस्ट शतक है। इससे पहले वह तीन बार नर्वस 90 के शिकार हुए थे।