‘हम आपके हैं कौन’ के म्यूजिक डारेक्टर रामलक्ष्मण का निधन, लता मंगेशकर ने जताया दुख

618

मनोरंजन जगत से एक दुख भरी खबर सामने आई है। दिग्गज संगीतकार विजय पाटिल जो रामलक्ष्मण के नाम से इंडस्ट्री में मशहूर थे, आज(शनिवार) को उनका निधन हो गया। 79 वर्षीय रामलक्ष्मण पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। आज सुबह नागपुर में उन्होंने अंतिम सांस ली।बॉलीवुड की दिग्गज गायिका लता मंगेशकर ने ट्वीट कर श्रद्धाजंलि दी है।

विजय पाटिल पहले रामलक्ष्मण के लक्ष्मण के नाम से मशहूर थे। उनसे साथ राम की जोड़ी थी और हिंदी सिनेमा जगत में राम-लक्ष्मण मिलकर संगीत देते थे। हालांकि अचानक राम का निधन हो गया था। इसके बाद विजय पाटिल ने अपना पूरा नाम ही रामलक्ष्मण रख लिया और इस नाम से उन्होंने कई हिट गाने दिए। उन्होंने अपने पिता और चाचा से संगीत की शिक्षा ली थी।

रामलक्ष्मण ने करीब 150 फिल्मों में संगीत दिया था जिसमें हिंदी के अलावा मराठी और भोजपुरी भी शामिल है। मराठी फिल्ममेकर और अभिनेता दादा कोंडके ने उन्हें अपनी फिल्म ‘पांडु हवलदार’ के लिए बतौर संगीतकार साइन किया था। इसके बाद सूरज बड़जात्या की फिल्मों में उन्होंने कई हिट गाने दिए।  ‘मैंने प्यार किया'(1989)’  के गाने सुपरहिट हुए थे। इसके बाद ‘हम आपके हैं कौन (1994)’ और ‘हम साथ साथ हैं(1999)’ में भी उन्होंने संगीत दिया था। इस फिल्म के सारे गाने लोग आज भी बहुत पसंद करते हैं । इसके अलावा उन्होंने ‘एजेंट विनोद’, ‘तराना’ और ‘अनमोल’ जैसी फिल्मों में भी संगीत दिया था।