कुल्लू में भारी बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त, सैंज में बादल फटने से आई बाढ़, घरों में घुसा मलबा

319

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में भारी बारिश का कहर देखने को मिला है। सैंज में बादल फटने से बाढ़ आ गई। जिससे नदी और नाले उफान पर हैं। एक गांव में घरों में मलबा घुस गया है। 

कुल्लू जिले में भारी बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। नदी-नाले उफान पर हैं। वहीं, कई सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। फिलहाल सड़कें खोलने का काम शुरू हो गया है। 

जानकारी के अनुसार, कुल्लू जिला की सैंज में भारी बारिश से ग्राम पंचायत भलाण-2 के जौली नाले में बाढ़ आ गई। बताया जा रहा कि गांव बाल-बाल बच गया है। रात करीब 3 बजे बाढ़ आने से अफरा तफरी मच गई।

गनीमत ये है कि घटना में जान-माल का नुकसान नहीं है। लोगों की खड़ी फसल को नुकसान हुआ है। गांव के पांच घरों में नाले का मलबा घुस गया है।

पंचायत भलाण-2 के प्रधान पूर्ण चंद ने कहा कि बाढ़ से जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है। बादल फटने से बाढ़ आ गई है। रात को नाले किनारे स्थित घरों में रह रहे परिवारों की जान बचाने के लिए लोग भागे, उन्हें सुरक्षित निकाल लिया गया है।