दिल्ली-एनसीआर में जगह-जगह जल-भराव, देर रात से गरज और चमक के साथ हो रही है भारी बरसात

542

दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार रात से शुरू हुआ झमाझम बारिश का सिलसिला जारी है। देर से हो रही बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। कई दिनों से चला आ रहा उमस का माहौल खत्म हो गया है और लंबी बरसात के बाद तापमान में भी कमी आई है। तापमान 27 डिग्री तक आ गया है। 

दिल्ली में झमाझम बारिश की वजह से सुबह में अंधेरा छा गया है। भारी बारिश की वजह से काम पर जाने वाले को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रातभर से हो रही बरसात के कारण दिल्ली में जगह-जगह पानी भर गया है। इस कारण लोगों को आवागमन में दिक्कत आ रही है। 

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दिल्ली की सफदरजंग वेधशाला ने पिछले 24 घंटों में आज सुबह 8.30 बजे तक 138.8 मिमी बारिश दर्ज की। इस मौसम की यह सबसे अधिक एक दिन की बारिश है।

जलभराव के कारण आजादपुर अंडरपास बंद कर दिया गया है। वहां डेढ़ फुट पानी भर गया है। दिल्ली यातायात पुलिस ने सलाह दी है कि यात्री इस ओर न आएं। वहीं ट्रैफिक पुलिस ने मिंटो ब्रिज पर भी यातायात की आवाजाही बंद कर दी है। जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा जल भराव से होने वाली किल्लत भी बढ़ेगी क्योंकि लगातार पानी बरस रहा है। आईटीओ रेल ब्रिज के नीचे भी पानी जमा हो गया है।  

हालांकि शुक्रवार देर रात दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में बारिश हुई जिससे लोगों को खासी राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार अब तीन दिनों तक बारिश होने का अनुमान है और आज के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में बादलों की गरज और बिजली की चमक के साथ बारिश की खबर है। 

राजधानी में शुक्रवार को गर्मी से बेहाल लोगों को बारिश ने राहत दिलाई। पूरा दिन रिमझिम बारिश की वजह से मौसम सुहाना रहा। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऐसे में शनिवार को भी पूरे दिन बारिश हो सकती है।