संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थायी सीट और सुधारों के लिए, फ्रांस ने किया भारत का समर्थन

268

फ्रांस ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थायी सीट और सुधारों के लिए भारत का समर्थन किया है। इसके अलावा उसने जी-4 समूह के कुछ अन्य देशों को भी स्थायी सीट देने की मांग का समर्थन किया है। भारत में फ्रांस के राजदूत इमैनुएल लेनिन ने एक ट्वीट में कहा, फ्रांस भारत और जी-4 (भारत, ब्राजील, जर्मनी व जापान) देशों की यूएनएससी में स्थायी सदस्यता का जोरदार ढंग से समर्थन करता है।

लेनिन ने अपने ट्वीट में कहा, यह सोमवार को संयुक्त राष्ट्र में भारत के उप-स्थायी प्रतिनिधि के. नागराज नायडू द्वारा लिखे गए पत्र का अनुसरण करता है जिसमें सुरक्षा परिषद में न्यायसंगत प्रतिनिधित्व के सवाल पर सरकारी समझौते के बारे में मसौदे पर जोर दिया गया था। नायडू ने सोमवार को महासभा के 74वें सत्र के अध्यक्ष तिजानी मुहम्मद-बंदे को पत्र लिखे जाने के बाद फ्रांस ने समर्थन की बात दोहराई है।

नायडू ने पत्र में लिखा था कि सुरक्षा परिषद सुधार पर अंतर सरकारी वार्ता को बंधक बनाया जा रहा है। सबसे शक्तिशाली संगठन में कोई बदलाव नहीं चाहने वाले देश इसका अपनी सुविधानुसार इस्तेमाल कर रहे हैं। भारत संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के 1 जनवरी 2021 से शुरू हो रहे दो वर्षीय सत्र में अस्थायी सदस्य के तौर पर शामिल होगा।