कांग्रेस के नेता पी चिदंबरमक्या का कटाक्ष कहा – केंद्र सरकार अब भी कृषि कानूनों को लोक्रपिय मानती है

225

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने पंजाब के शहरी निकाय के चुनाव में पार्टी की शानदार जीत के बाद बुधवार को केंद्र सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि क्या अब भी वह तीनों कृषि कानूनों को लोकप्रिय मानती है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘क्या मोदी सरकार अब भी यह भी मानती है कि कृषि कानून लोकप्रिय हैं और सिर्फ पंजाब के किसानों का एक छोटा समूह इनके खिलाफ है?’’ चिदंबरम ने कहा, ‘‘किसान मतदाता हैं। इसी तरह प्रवासी कामगार, छोटे एवं मझोले कारोबारी, बेरोजगार और गरीब परिवार भी मतदाता हैं। जब इनकी बारी आएगी तो वे भी पंजाब की तरह भाजपा के खिलाफ वोट करेंगे।’’

उल्लेखनीय है कि पंजाब के सात नगर निगमों में से छह में प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने जीत हासिल की है वहीं सातवें नगर निगम में वह सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है। पार्टी ने शहरी निकाय के चुनावों में विपक्षी दलों का सूपड़ा साफ कर दिया है।

केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ जारी किसान आंदोलन की पृष्ठभूमि में नगर निगमों के प्रदेश में हुए चुनाव में कांग्रेस ने बठिंडा, होशियारपुर, कपूरथला, अबोहर, बटाला एवं पठानकोट में जबरदस्त जीत दर्ज की है। हालांकि, मोगा में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है और बहुमत से वह छह सीट पीछे रह गई है।