Covid-19 Vaccination in India: तेज हुई टीकाकरण की रफ्तार, पहली बार एक दिन में 14 लाख लोगो को लगा टीका, टीकाकरण दो करोड़ पार

447

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के टीका लगवाने और निजी अस्पतालों को शामिल करने के बाद कोरोना वायरस के खिलाफ टीकाकरण अभियान ने तेज रफ्तार पकड़ ली है। गुरुवार को रिकॉर्ड लगभग 14 लाख टीके लगाए गए। इसमें 60 साल से ज्यादा उम्र के लाभार्थियों की संख्या सबसे ज्यादा रही। अब तक कोरोना वैक्सीन की 1.8 करोड़ डोज दी जा चुकी है। आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक 1.8 करोड़ डोज लेने वाले लाभार्थियों में स्वास्थ्यकर्मी, फ्रंटलाइन वर्कर्स, 60 साल से अधिक उम्र के लोग और गंभीर रोग से ग्रसित 45 साल से ज्यादा आयु के व्यक्ति शामिल हैं। शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर ने भी टीका लगवाया।

मंत्रालय ने बताया कि अब तक 68,53,083 स्वास्थ्यकर्मियों को पहली और इनमें से 31,41,371 को कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज दी जा चुकी है। इसी तरह फ्रंटलाइन वर्कर्स में पहली डोज लेने वाले 60,90,931 और इनमें से दूसरी डोज लेने वाले 67,297 लाभार्थी शामिल हैं। एक मार्च के बाद से गंभीर रोगों से ग्रस्त 45 साल से ज्यादा उम्र के 2,35,901 और 60 साल से अधिक आयु के 16,16,920 लोगों को वैक्सीन की पहली डोज दी गई है।

एक अधिकारी ने बताया कि कोरोना वायरस के खिलाफ टीकाकरण अभियान के 48वें दिन गुरुवार को रिकॉर्ड 13,88,170 डोज दी गई। लाभार्थियों को एक दिन में इतनी बड़ी संख्या में पहली बार कोरोना की खुराक की गई है। इनमें 10,56,808 लाभार्थियों को पहली और 3,31,362 लाभार्थियों को दूसरी डोज दी गई। 10,56,808 लाभार्थियों में सबसे ज्यादा संख्या 60 साल से ज्यादा उम्र के लोगों की 6,15,903 रही। जबकि, गंभीर रोगों से ग्रस्त 45 से ज्यादा उम्र के लाभार्थियों की संख्या 92,109 थीं।