ब्रिटेन में बढ़ा कोरोना के नए स्ट्रेन का कहर, 24 घंटों के दौरान 55 हजार से ज्यादा नए केस, अमेरिका और फ्रांस में मिले नए स्ट्रेन के मामले

700
Omicron outbreak

ब्रिटेन में कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन मिलने के बाद महामारी का कहर बढ़ गया है। इस देश में बीते 24 घंटों के दौरान रिकॉर्ड 55 हजार से ज्यादा नए पॉजिटिव केस पाए गए और 964 पीडि़तों की मौत हुई। इस यूरोपीय देश में महामारी शुरू होने के बाद पहली बार एक दिन में इतनी बड़ी संख्या में नए मामले मिले हैं। वहीं अमेरिका के कैलिफोर्निया और कोलोराडो के बाद अब फ्लोरिडा प्रांत में कोरोना की नई स्ट्रेन के मामले सामने आए हैं। यही नहीं रूस में भी संक्रमितों की संख्‍या बढ़ी है।

ब्रिटेन में गुरुवार को जारी ताजा डाटा के अनुसार, देशभर में बीते 24 घंटों के दौरान 55 हजार 892 नए संक्रमित पाए गए। यह लगातार तीसरा दिन है, जब 50 हजार से ज्यादा नए मामलों की पुष्टि की गई। इससे देश में पीडि़तों की कुल संख्या 24 लाख 88 हजार से अधिक हो गई है। कुल 73 हजार 512 मरीजों की जान गई है। महामारी की दूसरी लहर की चपेट में आए ब्रिटेन में गत माह कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन मिला था। इसके बाद से ही यहां नए मामलों में उछाल दर्ज किया जा रहा है। ब्रिटेन से यह स्ट्रेन दुनिया के कई देशों में पहुंच गया है। कोरोना का यह नया रूप 70 फीसद ज्यादा संक्रामक बताया जा रहा है।