देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की 131वीं जयंती आज, PM मोदी-राहुल गाँधी ने दी श्रद्धांजलि

    667

    भारत आज अपने प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को याद कर रहा है। जवाहरलाल नेहरू का जन्म 14 नवंबर, 1889 को उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद (अब प्रयागराज) में हुआ था। इस साल उनकी 131वीं जयंती है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने उन्हें याद किया। प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा, ‘देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू को उनकी जयंती पर मेरी विनम्र श्रद्धांजलि।’

    राहुल गांधी ने ट्वीट कर देश के पहले पीएम को याद करते हुए कहा, ‘आज, भारत अपने पहले पीएम पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की जयंती मना रहा है। एक विशाल दूरदर्शी जिन्होंने हमारे देश की नींव भाईचारे, समतावाद और आधुनिक दृष्टिकोण के साथ रखी। हमारा प्रयास इन मूल्यों के संरक्षण के लिए होना चाहिए।’

    जवाहरलाल नेहरू को बच्चों से खासा लगाव था और बच्चे उन्हें ‘चाचा नेहरू’ कहकर पुकारते थे। पहले भारत में भी 20 नवंबर को बाल दिवस मनाया जाता था। लेकिन 27 मई, 1964 को जब जवाहरलाल नेहरू का निधन हुआ तब ये निर्णय लिया गया कि अब नेहरू के जन्मदिवस पर बाल दिवस मनाया जाएगा। और इस बात को पूरे देश ने स्वीकारा भी।