भाजपा नेता सीटी रवि का विवादित बयान, बोले – भारत हिंदू राष्ट्र है, था और रहेगा

368

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और कर्नाटक के चिकमंगलूर से विधायक सीटी रवि ने एक बार फिर से विवादित बयान देते हुए कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भारत एक ‘हिंदू राष्ट्र’ था, है, और रहेगा। पहले कांग्रेस ने अल्पसंख्यकों का तुष्टिकरण किया था लेकिन अब वे जानते हैं कि उनकी यह नीति नहीं चलने वाली क्योंकि देश के हिंदू एकजुट हो गए हैं। उन्होंने कहा कि हिंदू की एकजुटता को देखकर कांग्रेस के नेता अब दुर्गा पूजा कर रहे हैं और मंदिरों में जा रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि अगर आप सही में हिंदू हैं तो सिर्फ चुनाव के वक्त मंदिर नहीं जाएं बल्कि नियमित रूप से जाएं। हाल ही में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने मंदिरों के दर्शन किए थे।

महिलाओं के लिए कर्नाटक के मंत्री के बयान पर भी दी प्रतिक्रिया 
इसके अलावा भाजपा महासचिव सीटी रवि ने कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री डॉ के सुधाकर के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी है जिसमें उन्होंने कहा था कि आधुनिक भारतीय महिलाएं अकेले रहना चाहती हैं और शादी के बाद भी बच्चे को जन्म देने के लिए इच्छुक नहीं होती हैं। इस बयान पर सीटी रवि ने कहा कि हर महिला ऐसी नहीं होती। पश्चिमी और सूक्ष्म परिवारों के कारण ऐसा हो रहा है। भारत में अभी भी अमेरिका और ब्रिटेन जैसे देशों के विपरीत परिवार में विश्वास है। भारत के संस्कार अलग हैं।

दिवाली पर पटाखे फोड़ने को लेकर दिया था तीखा बयान
बता दें कि इससे पहले भी सीटी रवि ने हिंदू के त्यौहार को लेकर विपक्ष पर हमला बोला था। उन्होंने दिवाली पर पटाखे फोड़ने को लेकर तीखा बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि किसी को हिंदुओं को सलाह क्यों देनी चाहिए कि वह अपने त्योहारों को कैसे मनाएं? हम दीये जलाएंगे, मिठाई बांटेंगे और ग्रीन पटाखे फोड़ेंगे ।