भगत सिंह की 113वीं जयंती पर, देश कर रहा उनकी वीरता को याद, PM मोदी ने कहा- युगों तक प्रेरित करेगी शहीद-ए-आजम की कहानी

215

महान क्रांतिकारी भगत सिंह की 113वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्‍हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्‍होंने कहा कि कि वीरता एवं पराक्रम की उनकी गाथा देशवासियों को युगों-युगों तक प्रेरित करती रहेगी। प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘ मां भारती के वीर सपूत अमर शहीद भगत सिंह की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। वीरता और पराक्रम की उनकी गाथा देशवासियों को युगों-युगों तक प्रेरित करती रहेगी।’’ मोदी ने ट्वीट के साथ रविवार को प्रसारित अपने ‘मन की बात’ संबोधन की एक क्लिप भी साझा की, जिसमें उन्होंने सिंह को श्रद्धांजलि दी थी।

भगत सिंह का जन्म आज ही के दिन 1907 में हुआ था। बेहद कम उम्र से ब्रिटिश शासन के खिलाफ आवाज उठाने, साम्राज्य को निशाना बनाने के उनके क्रांतिकारी कदमों और महज 23 वर्ष की उम्र में फांसी दिए जाने से, वह भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के उल्लेखनीय नायकों में से एक बन गए। उन्‍हें याद करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा, “भगत सिंह जी युगों-युगों तक हम सभी देशवासियों के प्रेरणा के अक्षुण स्त्रोत रहेंगे।”