BAFTA 2021: इरफान खान और ऋषि कपूर को बाफ्टा अवार्ड्स में किया गया याद, इमोशनल दिखे फैंस

404

हाल ही में 74वें ब्रिटिश एकेडमी फिल्म अवार्ड्स (BAFTA) का आयोजन किया गया। ये आलीशान अवॉर्ड समारोह रॉयल अल्बर्ट हॉल में 10 और 11 अप्रैल को आयोजित किया गया। ब्रिटिश एकेडमी फिल्म अवॉर्ड्स में ग्लोबल स्टार के तौर पर पहचान बना चुकीं एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा को प्रजेन्टर्स में शामिल किया गया। इस ईवेंट के दौरान बॉलीवुड के दिवंगत दिग्गज अभिनेताओं ऋषि कपूर और इरफान खान को खास ट्रिब्यूट दिया गया। ऋषि कपूर और इरफान खान के लिए ये खास सेगमेंट रविवार रात रखा गया।

दरअसल, ब्रिटिश एकेडमी फिल्म अवार्ड्स समारोह के दौरान ऋषि कपूर और इरफान खान के लिए मेमोरियम सेगमेंट रखा गया। जिसमें इन दोनों अभिनेताओं को श्रद्धांजलि दी गई। दोनों अभिनेताओं का पिछले साल अप्रैल में निधन हो गया था। BAFTA में भारत के दिग्गज एक्टर्स के सम्मान पर फैंस इमोशनल होते दिखाई दिए। फैंस ने सोशल मीडिया के जरिए एक बार से ऋषि कपूर और इरफान खान की यादों को ताजा किया।

बता दें कि 29 अप्रैल 2020 को इरफान खान का निधन हो गया था। वो कई सालों से न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर से लड़ रहे थे। वहीं एक दिन बाद ही अभिनेता ऋषि कपूर भी इस दुनिया को अलविदा कहकर चले गए थे। दोनों अभिनेताओं के निधन ने इंडस्ट्री को बड़ा सदमा दिया था।

बाफ्टा में ऋषि कपूर और इरफान खान के अलावा जॉर्ज सेगल, बारबरा विंडसर, ओलिविया डी हैविलैंड, सीन कॉनरी, यापेत कोत्तो, क्रिस्टोफर प्लमर, चैडविक बोसमैन, एलन पार्कर, मैक्स वॉन सिडो और किर्क डगलस को भी समारोह में श्रद्धांजलि दी गई।