सुशांत सिंह राजपूत की पुण्यतिथि से पहले अली गोनी ने किया पोस्ट, कहा- ‘एक दिन भी ऐसा नहीं गया जब उनके फैंस ने उन्हें ट्विटर पर ट्रेंड न किया हो’

802

सुशांत सिंह राजपूत के निधन को एक साल होने वाले हैं लेकिन हर दिन उनके फैंस उन्हें याद करते हैं और सोशल मीडिया पर ट्रेंड चलाते हैं। उनकी पुण्यतिथि से पहले कई हैशटैग से ट्वीट्स किए जा रहे हैं। इस बीच अभिनेता अली गोनी ने सुशांत के फैंस की तारीफ की है।

सुशांत के लिए अली गोनी का पोस्ट
अली गोनी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं। इंस्टा स्टोरी पर उन्होंने लिखा- ‘करीब एक साल होने जा रहा है जब सुशांत सिंह राजपूत का निधन हुआ था लेकिन आज तक एक भी दिन ऐसा नहीं बीता जब प्रशंसकों ने उनके नाम का ट्विटर पर ट्रेंड ना चलाया हो।’ अली आगे लिखते हैं, ‘ये कमाया था सुशांत ने।’

‘बिग बॉस’ से बढ़ी अली गोनी की पॉपुलैरिटी
अली गोनी ‘बिग बॉस 14’ का हिस्सा रहे थे। वो शो में जैस्मिन को सपोर्ट करने पहुंचे थे। हालांकि अपने खेल से उन्होंने दर्शकों का दिल जीता और फाइनल तक पहुंचे। पिछले दिनों अली गोनी और जैस्मिन का म्यूजिक वीडियो ‘तू भी सताया जाएगा’ रिलीज किया गया। इसे फैंस ने काफी पसंद किया।

बीते साल सुशांत का निधन
सुशांत सिंह राजपूत ने 14 जून 2020 को दुनिया को अलविदा कह दिया था। उनके निधन से हर कोई हैरान रह गया था। वहीं सुशांत के पिता ने उनकी गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती पर गंभीर आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। जैसे जैसे इस मामले में जांच होती गई इसमें ड्रग्स एंगल सामने आया। नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो ने इस मामले में रिया चक्रवर्ती, उनके भाई शौविक चक्रवर्ती सहित बॉलीवुड की कई जानी मानी हस्तियों से पूछताछ की थी।