महागठबंधन में गांठ! RJD नेता शिवानंद तिवारी बोलें- चुनाव के समय शिमला में पिकनिक मना रहे थे राहुल-प्रियंका

375

बिहार में जहां एनडीए आज पुन: सरकार बनाने जा रहा है, वहीं महागठबंधन की हार के लिए दोषारोपण का सिलसिला तेज हो गया है। राजद व अन्य पार्टियों ने हार के लिए कांग्रेस को दोषी ठहराया है। राजद नेता शिवानंद तिवारी का कहना है, बिहार में प्रचार के वक्त राहुल-प्रियंका पिकनिक मना रहे थे। उनके इस बयान को लेकर भाजपा ने चुटकी ली है।

कांग्रेस के प्रदर्शन पर सवाल उठाते हुए राजद नेता शिवानंद तिवारी एक वीडियो इंटरव्यू में कहते दिख रहे हैं, ‘जब बिहार में चुनाव अपने चरम पर था, तब राहुल गांधी अपनी बहन प्रियंका गांधी के साथ शिमला में पिकनिक मना रहे थे। क्या पार्टी ऐसे चलती है? कांग्रेस जिस तरह से चुनाव लड़ रही है, उससे बीजेपी को ही फायदा पहुंचा रही है।’ 

उधर भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने शिवानंद तिवारी के इस वीडियो को रिट्वीट करते हुए कांग्रेस पर चुटकी ली है। गिरिराज ने लिखा, ‘राहुल गांधी जी के बारे में बिहार में महागठबंधन के सहयोगी पार्टी आरजेडी के वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी कहते हैं कि राहुल गांधी नॉन सीरियस पर्यटक राजनेता है। शिवानंद जी तो राहुल जी को ओबामा से ज़्यादा जानने लगे हैं। फिर भी कांग्रेस चुप क्यों?’

वीडियो वायरल होने के बाद अब कांग्रेस ने भी तिवारी पर पलटवार करते हुए उन्हें गठबंधन धर्म की नसीहत दी है। कांग्रेस नेता प्रेम चंद्र मिश्रा ने कहा है कि राजद नेता शिवानंद तिवारी पर लगाम लगाएं, तेजस्वी यादव, कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी को लेकर गिरिराज सिंह और शाहनवाज हुसैन जैसी भाषा राजद नेता का बोलना हमें स्वीकार नहीं। गठबंधन का धर्म होता है, जिसका सभी पक्षों को पालन करना चाहिए।